केदारनाथ धाम यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों में जुटे अधिकारी, गणेश जोशी ने दिए सुरक्षा और सुविधा के निर्देश
मानसून के बाद बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के आदेश; यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और खाद्य सामग्री की उपलब्धता पर जोर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Sep, 2026 07:50 PMरुद्रप्रयाग, 14 सितंबर 2026। कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री और रुद्रप्रयाग के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से श्री केदारनाथ धाम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में मानसून के बाद यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग, पैदल मार्ग, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, खाद्य सामग्री, परिवहन समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
यात्रा मार्ग और पैदल मार्ग की नियमित निगरानी
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बैठक में केदारनाथ यात्रा को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों की टीमें यात्रा मार्ग और पैदल मार्ग का नियमित निरीक्षण कर रही हैं तथा मानसून से प्रभावित व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग और पैदल मार्ग का निरीक्षण करने वाली प्रत्येक विभागीय टीम शौचालयों की साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था का भी अनिवार्य रूप से जायजा ले। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
खाद्य सामग्री और गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
गणेश जोशी ने पूर्ति विभाग को यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर आवश्यक खाद्य सामग्री तथा गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की स्थिति में आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आपूर्ति और उपलब्धता की नियमित निगरानी करने को कहा गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी दिए निर्देश
चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सा केंद्रों और मेडिकल रिलीफ पोस्ट पर पर्याप्त दवाइयां, उपकरण और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहें।
उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए चिकित्सा टीमों को पूरी तरह तैयार रखने और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
गणेश जोशी ने कहा कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा आस्था के साथ उत्तराखंड की पहचान और अर्थव्यवस्था से भी जुड़ी है। इसलिए यात्रा से जुड़े प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करे।
उन्होंने मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों, पैदल मार्गों और अन्य सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने तथा जहां भी व्यवस्थाओं में कमी हो, उसे निर्धारित समयसीमा में दूर करने के निर्देश दिए।
बैठक में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, राज्यमंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#KedarnathDham #KedarnathYatra #GaneshJoshi #Uttarakhand #CharDhamYatra #Rudraprayag #UttarakhandNews



No Previous Comments found.