गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, समय से पूरी हों सभी तैयारियां : मुख्यमंत्री धामी
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड पहुंचकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश, विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 5 Nov, 2026 04:18 PMदेहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और जनसुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री धामी ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए यातायात प्रबंधन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश एवं निकास के लिए पर्याप्त और व्यवस्थित इंतजाम करने के साथ ही पार्किंग स्थलों को भी सुव्यवस्थित रखने को कहा। इसके अलावा पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सभी विभाग आपसी समन्वय से करें कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के सफल एवं सुचारु आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। आयोजन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाएं, ताकि प्रत्येक स्तर पर व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए और सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय से पहले पूरे कर लिए जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के सुचारु आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय सहित शासन एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.