कुछ लोग धर्म, क्षेत्र जाति, भाषा के बाद अब युवाओं को उम्र में बांटने का षडयंत्र रच रहे हैं : बांसुरी स्वराज
भाजपा की संगठनात्मक बैठक में 2027 चुनाव की तैयारियों पर मंथन, राम माधव ने 60 पार के लक्ष्य पर जोर दिया
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 2 Oct, 2026 08:43 PMदेहरादून, 2 अक्टूबर। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। देहरादून स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को प्रदेश संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन सहित प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बांसुरी स्वराज ने युवाओं को उम्र में बांटने की राजनीति का लगाया आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा की सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि अब भाजपा को सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने और संगठन में एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया।
बांसुरी स्वराज ने आरोप लगाया कि देश को धर्म, क्षेत्र, जाति और भाषा के आधार पर बांटने के बाद अब युवाओं को उम्र के आधार पर बांटने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि अलग-अलग राजनीतिक पहचान रखने वाले कुछ नेता युवाओं को उम्र के आधार पर विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे राष्ट्र और सनातन विरोधी सोच से जोड़ते हुए ऐसे प्रयासों को उजागर करने की जरूरत बताई।
राम माधव ने दिया 60 पार का लक्ष्य
प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में संगठनात्मक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी को मजबूत करने के बाद अब कार्यकर्ताओं को राजनीतिक भूमिका में सक्रिय होकर सरकार के कामकाज और योजनाओं का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने प्रदेश में विकास के कई कार्य किए हैं। अब इन कार्यों को जनता के बीच प्रभावी तरीके से ले जाने की जरूरत है।
राम माधव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में केवल बहुमत तक सीमित न रहने और 60 से अधिक सीटों के लक्ष्य को ध्यान में रखकर संगठनात्मक एवं राजनीतिक गतिविधियां आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर पार्टी के कार्यक्रमों और सरकार की उपलब्धियों का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
महेंद्र भट्ट बोले- शहर से गांव तक हो विकास मॉडल की चर्चा
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन में दोतरफा संवाद प्रभावी होना चाहिए और प्रदेश स्तर पर लिए गए निर्णयों को बूथ स्तर तक पहुंचाने के साथ स्थानीय समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
भट्ट ने कहा कि अब सरकार और संगठन के कामकाज के मूल्यांकन का समय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने और शहर से गांव तक उत्तराखंड के विकास मॉडल की चर्चा पहुंचाने का आह्वान किया।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ पर फोकस
प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ और ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’जैसे संगठनात्मक मंत्रों पर फोकस करना होगा। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में संगठन की मेहनत और बूथ स्तर की सक्रियता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने 14 सितंबर 2025 से अब तक आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें ‘मन की बात’, बूथ सशक्तिकरण, कोर कमेटी और अन्य बैठकों, सेवा संकल्प अभियान, युवा संवाद, लखपति दीदी तथा लाभार्थी कार्यक्रमों सहित विभिन्न अभियानों की जानकारी दी गई।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू किए गए विभिन्न अभियानों के तहत प्रदेशभर में हुए कार्यक्रमों की भी जानकारी संबंधित मंत्रियों और पदाधिकारियों ने रखी।
इस अवसर पर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, सुबोध उनियाल, राम सिंह खेड़ा, खजान दास, सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, भरत चौधरी और रेखा आर्य सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं सह प्रभारी मौजूद रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #BJP #BansuriSwaraj #RamMadhav #MahendraBhatt #PushkarSinghDhami #Dehradun #UttarakhandPolitics #AssemblyElection2027



No Previous Comments found.