“उत्तराखण्ड की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश का मान, डॉ. पूजा गौड़ की उपलब्धि प्रदेश के लिए गौरव का विषय : गणेश जोशी
बोलोनिया में 40 से अधिक देशों की भागीदारी वाले अंतरराष्ट्रीय समिट में मिला सम्मान, महिला किसानों को बाजार से जोड़ने और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने में योगदान की हुई सराहना
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 7 Nov, 2026 08:48 PMदेहरादून, 07 नवंबर। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखण्ड की प्रतिभा और उपलब्धियों का परचम लहराने वाली प्रदेश की बेटी डॉ. पूजा गौड़ को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित ‘चेंज मेकर अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. पूजा गौड़ की उपलब्धि न केवल उत्तराखण्ड, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
दरअसल, संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित ‘इंटरनेशनल ईयर ऑफ द वुमेन फार्मर-2026’ के अवसर पर अग्रया के तत्वावधान में इटली के बोलोनिया शहर में अंतरराष्ट्रीय समिट का आयोजन किया गया था। इस वैश्विक सम्मेलन में 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इसी मंच पर भारत की ओर से डॉ. पूजा गौड़ को उनके उल्लेखनीय कार्यों और वैश्विक पहल के लिए ‘चेंज मेकर अवार्ड-2026’ प्रदान किया गया।
महिला किसानों को बाजार से जोड़ने में निभाई अहम भूमिका
डॉ. पूजा गौड़ को यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान महिलाओं एवं किसानों को विपणन व्यवस्था से जोड़ने, सहकारिता और व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया गया। उनके प्रयासों का उद्देश्य महिला किसानों को अधिक अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
डॉ. पूजा गौड़ को इससे पहले भी उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान उनके प्रयासों और योगदान को वैश्विक पहचान प्रदान करता है।
कृषि मंत्री बोले- प्रदेश की बेटी ने बढ़ाया देश का मान
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने डॉ. पूजा गौड़ को सम्मानित करते हुए कहा कि यह पूरे उत्तराखण्ड के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि प्रदेश की बेटी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और कार्यों के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि महिला किसानों को सशक्त बनाने, उन्हें बाजार से जोड़ने, सहकारिता को प्रोत्साहित करने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में डॉ. पूजा गौड़ का योगदान सराहनीय है। उनकी उपलब्धि प्रदेश की अन्य महिलाओं और युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। डॉ. पूजा गौड़ जैसी प्रतिभाएं महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देने के साथ कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को नई पहचान दिला रही हैं।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #GaneshJoshi #PoojaGaur #WomenEmpowerment #WomenFarmers #InternationalAward2026 #Agriculture #Dehradun #Yugvarta


No Previous Comments found.