भाजपा कोर कमेटी की बैठक में राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवारों पर मंथन, पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी सीएम-प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री संगठन को

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 25 Sep, 2026 09:51 PM
भाजपा कोर कमेटी की बैठक में राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवारों पर मंथन, पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी सीएम-प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री संगठन को

देहरादून, 25 सितंबर 2026। उत्तराखंड भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीट के संभावित उम्मीदवारों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक में सामने आए दावेदारों के नामों पर चर्चा के बाद अंतिम पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा को सौंपी गई।

बैठक में नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा का औपचारिक स्वागत भी किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत कोर कमेटी के सदस्यों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान संगठन को राज्यभर में और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों के मद्देनजर सांगठनिक गतिविधियों को गति देने पर चर्चा हुई।

राज्यसभा सीट के लिए करीब दो दर्जन नामों पर चर्चा

बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बताया कि राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त होने के कारण रिक्त होने वाली सीट के लिए विभिन्न दावेदारों के नामों पर कोर कमेटी में विचार-विमर्श किया गया। उनके अनुसार करीब दो दर्जन नाम बैठक के समक्ष आए, जिनमें महिला, अनुसूचित जाति-जनजाति, युवा समेत विभिन्न वर्गों से जुड़े नाम शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि बैठक में चर्चा के बाद तीन या पांच नामों का पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन को दी गई है।

सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा

कोर कमेटी की बैठक में भाजपा के राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अब तक आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी लेने के साथ ही आगामी कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी मंथन

बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, शक्ति केंद्र आधारित योजनाओं को प्रभावी बनाने और पन्ना प्रमुखों की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ। कोर कमेटी के सदस्यों ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का संदेश जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

ये नेता रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश कोर कमेटी सदस्य के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #BJP #RajyaSabha #PushkarSinghDhami #BJPUttarakhand #Dehradun #UttarakhandPolitics


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad