PM मोदी के 76वें जन्मदिवस पर CM योगी ने दी शुभकामनाएं, बोले- ‘सेवा से संकल्प, श्रम से स्वावलंबन और स्वदेशी से समृद्धि’ की यात्रा बढ़ाएगी विकसित भारत की गति

योगी ने पीएम मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का बताया प्रेरणास्रोत; वाराणसी से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ और लखनऊ में ‘विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला 2026’ का किया उल्लेख

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 17 Sep, 2026 09:21 AM
PM मोदी के 76वें जन्मदिवस पर CM योगी ने दी शुभकामनाएं, बोले- ‘सेवा से संकल्प, श्रम से स्वावलंबन और स्वदेशी से समृद्धि’ की यात्रा बढ़ाएगी विकसित भारत की गति

लखनऊ, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को रेखांकित किया।



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को 145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख, समृद्धि, सुरक्षा और स्वाभिमान का नवप्रभात लाने के लिए निरंतर राष्ट्रसेवा में समर्पित व्यक्तित्व बताया। उन्होंने उन्हें ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्नद्रष्टा, ‘नए भारत के शिल्पी’ और मार्गदर्शक के रूप में संबोधित करते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री के ‘Nation First’ के संकल्प, कर्मनिष्ठा और लोक-कल्याण के प्रति समर्पित जीवन को ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की प्रार्थना भी की।

25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सेवा को साधना, सुशासन को संकल्प और राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च ध्येय बनाकर जन-जन के जीवन में परिवर्तन की नई चेतना जगाई है।

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी वाराणसी से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ होगा।

लखनऊ में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 से जुड़े कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर लखनऊ में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0’ के अंतर्गत ‘विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला 2026’ आधारित प्रदर्शनी तथा मार्जिन मनी ऋण पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा।

इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और टूलकिट का वितरण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री के संदेश में इन पहलों को सेवा, स्वावलंबन और स्वदेशी को बढ़ावा देने से जोड़ते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।

योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश के अंत में कहा कि ‘सेवा से संकल्प, श्रम से स्वावलंबन और स्वदेशी से समृद्धि’ की यह यात्रा ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को नई गति प्रदान करेगी।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2