अयोध्या के 56 घाटों पर सजेगी 30 लाख दीपों की आभा, दसवें दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी तेज
विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों ने संभाली जिम्मेदारी, राम की पैड़ी पर निर्धारित ब्लॉक और कतारों में सजाए जा रहे दीप
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 Nov, 2026 06:19 PMअयोध्या, 4 नवंबर। रामनगरी अयोध्या में दसवें दीपोत्सव-2026 को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इस बार राम की पैड़ी के सभी 56 घाटों पर 30 लाख दीप सजाने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को समय से पूरा करने के लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के हजारों विद्यार्थी स्वयंसेवक के रूप में जुट गए हैं।
बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर से आरक्षित बसों के जरिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं राम की पैड़ी पहुंचे। यहां पहुंचते ही उन्होंने अपने निर्धारित घाटों की जिम्मेदारी संभाली और पूरी ऊर्जा, निष्ठा व अनुशासन के साथ दीप सजाने का काम शुरू कर दिया। दीपोत्सव में नया कीर्तिमान स्थापित करने के लिए स्वयंसेवक लगातार तैयारियों में जुटे हैं।
विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी बने सहभागी
दसवें दीपोत्सव को यादगार बनाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर के साथ संबद्ध महाविद्यालयों और स्थानीय इंटरमीडिएट कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी स्वयंसेवक के रूप में लगाया गया है। राम की पैड़ी के सभी 56 घाटों पर दीपों की श्रृंखला सजाने के लिए अलग-अलग घाटों और निर्धारित स्थलों के अनुसार जिम्मेदारियां बांटी गई हैं। विद्यार्थियों के सुगम आवागमन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आरक्षित बसों की व्यवस्था की गई है।
निर्धारित ब्लॉक और कतारों में सजाए जा रहे दीप
राम की पैड़ी के घाटों पर सुबह से ही विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। घाट समन्वयकों और प्रभारियों के दिशा-निर्देशन में स्वयंसेवक निर्धारित ब्लॉक और कतारों में दीपों को सुव्यवस्थित तरीके से सजा रहे हैं। इसकी तैयारी का उद्देश्य मुख्य आयोजन के दिन दीपों में तेल और बाती डालने तथा उन्हें प्रज्ज्वलित करने का काम सुगमता से पूरा करना है।
व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी स्वयंसेवकों को अपने निर्धारित घाटों पर ही काम करने के निर्देश दिए गए हैं। अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ सभी घाटों को दीपों से सजाने का प्रयास किया जा रहा है।
कुलपति के नेतृत्व में अधिकारी कर रहे निगरानी
कुलपति डॉ. विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की प्रगति पर नजर रख रहे हैं। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप दीपों की सजावट और स्वयंसेवकों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी से दीपोत्सव की तैयारियों को गति मिली है। अब राम की पैड़ी के सभी 56 घाटों पर 30 लाख दीपों की सजावट के लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वयंसेवक पूरी तत्परता से जुटे हैं।


No Previous Comments found.