बरेली में पहली बार BDA ने लगाया भव्य कांवड़ सेवा शिविर, शिवभक्तों के लिए सेवा\-सुविधाओं का रहा विशेष इंतजाम

मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप बरेली विकास प्राधिकरण की अभिनव पहल, भंडारा, विश्राम, मेडिकल कैंप से लेकर पुष्पवर्षा और आकर्षक सेल्फी पॉइंट्स तक की व्यवस्था

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 16 Aug, 2026 11:42 PM
बरेली में पहली बार BDA ने लगाया भव्य कांवड़ सेवा शिविर, शिवभक्तों के लिए सेवा\-सुविधाओं का रहा विशेष इंतजाम

बरेली। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा, सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने पहली बार भव्य कांवड़ सेवा एवं विश्राम शिविर का आयोजन किया। BDA उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय, IAS के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, विश्राम, चिकित्सा एवं स्वागत-सत्कार की व्यापक व्यवस्थाएं की गईं।

शिविर में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम में मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, विधायक संजीव अग्रवाल, महापौर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, MLC कुँवर महाराज सिंह, मंडलायुक्त बरेली मंडल, जिलाधिकारी बरेली सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

एक ही परिसर में शिवभक्तों के लिए व्यापक सुविधाएं

बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से स्थापित शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए भंडारा एवं भोजन, विशाल जर्मन हैंगर में विश्राम, विशेष मेडिकल कैंप एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया और उन्हें विशेष टी-शर्ट भी वितरित की गईं।

शिविर परिसर में केदारनाथ, बद्रीनाथ और रामेश्वरम जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों की थीम पर आकर्षक सेल्फी पॉइंट्स भी बनाए गए। इन सेल्फी पॉइंट्स और अन्य आकर्षणों ने कांवड़ यात्रियों का ध्यान खींचा और उन्हें अपनी यात्रा की यादों को संजोने का अवसर दिया।

पुष्पवर्षा के बीच ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से शिविर परिसर भक्तिमय नजर आया। कठिन कांवड़ यात्रा कर रहे शिवभक्तों ने यहां उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाया और सेवा-सत्कार की सराहना की।

‘सेवा और सम्मान हमारे लिए सौभाग्य का विषय’

BDA उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन से प्रेरित होकर प्राधिकरण की ओर से पहली बार इस तरह के कांवड़ सेवा शिविर की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि विकास प्राधिकरण की भूमिका केवल शहर के भौतिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसुविधा, संवेदनशील प्रशासन और सामाजिक दायित्व भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि कांवड़ शिवभक्त कठिन यात्रा करते हुए भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हैं। ऐसे में उनकी सेवा और सम्मान करना सौभाग्य की बात है। BDA का प्रयास है कि बरेली से होकर गुजरने वाला प्रत्येक शिवभक्त यहां से सुविधा, सम्मान और सुखद स्मृति लेकर आगे बढ़े।

जनप्रतिनिधियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने कांवड़ सेवा शिविर में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शिवभक्तों के लिए भोजन, विश्राम, चिकित्सा एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की सराहना की।

बरेली विकास प्राधिकरण का यह पहला कांवड़ सेवा शिविर ‘सेवा, सुविधा और सम्मान’ की भावना को केंद्र में रखते हुए आयोजित किया गया। इस पहल को BDA की जनोन्मुखी कार्यशैली, नवाचार और संवेदनशील प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2