हापुड़ में कक्षा-7 की छात्रा निधि ने संभाली एक दिन की जिलाधिकारी की जिम्मेदारी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Oct, 2026 10:28 PMलखनऊ, 14 अक्टूबर 2026 बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से हापुड़ में मिशन शक्ति अभियान के तहत विशेष पहल की गई। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा-7 की छात्रा निधि को एक दिन के लिए सांकेतिक जिलाधिकारी बनाया गया। इस भूमिका में उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनसुनवाई की और लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। एक दिन की सांकेतिक जिलाधिकारी बनीं निधि का जिलाधिकारी कविता मीना ने फूल देकर स्वागत किया। जनसुनवाई के दौरान पिलखुवा के किशनगंज मोहल्ले से पहुंचे लोगों ने सड़क का निर्माण नहीं होने की शिकायत की। इस पर निधि ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पिलखुवा के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को फोन किया और सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। जनसमस्याओं को सुनने के दौरान निधि ने सड़क निर्माण और साफ-सफाई जैसे जरूरी मुद्दों पर विशेष ध्यान देने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों और जागरूकता कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को जनसमस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों को समझने का अवसर मिला। निधि ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी कविता मीना ने बालिकाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, "बेटियां किसी से कम नहीं हैं और निधि जैसी बेटियां जनपद का नाम रोशन करेंगी।" उन्होंने निधि को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने निधि को प्रशासनिक जिम्मेदारियों का अनुभव प्राप्त करने और जनसेवा की प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर दिया। इस तरह की पहल बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य में जिम्मेदार भूमिकाएं निभाने के लिए प्रेरित करती है। इस दौरान जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा, "जनसेवा ही उनका लक्ष्य है।"



No Previous Comments found.