यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा को मिला नया सहयोगी, जनता उन्नति पार्टी ने बिना शर्त समर्थन का किया ऐलान
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में अनिल चौहान ने की घोषणा, बोले- कदम से कदम मिलाकर करेंगे काम; भाजपा ने 2027 में 2017 से बड़ी जीत का जताया संकल्प
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Nov, 2026 05:45 PMलखनऊ, 22 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी को एक और राजनीतिक दल का समर्थन मिला है। रविवार को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में जनता उन्नति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौहान ने पार्टी की ओर से भाजपा को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जनता उन्नति पार्टी के अध्यक्ष अनिल चौहान और उनके साथ आए पदाधिकारियों का भाजपा परिवार में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के गरीब और वंचित वर्ग का आर्थिक एवं सामाजिक विकास हो रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्थापित सुरक्षा के वातावरण और विकास कार्यों से प्रभावित होकर जनता उन्नति पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने का निर्णय लिया है।
पंकज चौधरी ने अनिल चौहान और उनकी पूरी टीम का अभिनंदन करते हुए कहा कि सभी मिलकर काम करेंगे और 2027 के विधानसभा चुनाव में वर्ष 2017 से भी बड़ी विजय हासिल करने के संकल्प को साकार करेंगे।
भाजपा ने किया जनता उन्नति पार्टी का स्वागत
भाजपा ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने भी जनता उन्नति पार्टी के समर्थन के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की विकास यात्रा को समर्थन देने का निर्णय सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और जनता उन्नति पार्टी के कार्यकर्ता मिलकर 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से काम करेंगे। साथ ही एनडीए प्रत्याशियों की विजय में सहयोग करते हुए विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
अनिल चौहान बोले- भाजपा की विजय में सहभागी बनेगी जनता उन्नति पार्टी
जनता उन्नति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौहान ने कहा कि उनकी पार्टी ने भाजपा को समर्थन देने का निर्णय लिया है और इसी घोषणा के लिए वह भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे हैं। उन्होंने पार्टी को सम्मान देने के लिए भाजपा नेतृत्व का आभार जताया।
अनिल चौहान ने कहा कि जनता उन्नति पार्टी भाजपा के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने में सहभागी बनेगी।
कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जनता उन्नति पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. सुधीर शर्मा और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्वेता चौहान मौजूद रहीं। भाजपा की ओर से प्रदेश मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश मीडिया सह संयोजक दीपक बघेल और प्रदेश प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया सह संयोजक हिमांशु दुबे ने किया।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#UPPolitics #BJP #PankajChaudhary #YogiAdityanath #AnilChauhan #UttarPradesh #UPElection2027 #NDA


No Previous Comments found.