नौजवान, किसान और महिलाएं मिलकर 2027 में सपा का सूपड़ा साफ कर देंगेः बीजेपी
‘सत्ता में रहते पिता और चाचा तक का अपमान किया, अब दे रहे ज्ञान', दिनेश प्रताप सिंह ने अखिलेश को घेरा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 21 Nov, 2026 10:22 PMलखनऊ, 21 नवंबर। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर बीजेपी ने शनिवार को जोरदार हमला बोला। बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव को एसी में बैठकर पीसी करके झूठ बोलने की आदत हो गई है। 2027 में जनता उनका बुखार उतार देगी। बीजेपी प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि जनता का रुख देखकर अखिलेश यादव डरे हुए हैं। उन्हें पता है कि साइकिल हमेशा के लिए पंक्चर होने वाली है। वहीं, प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि जब अखिलेश यादव को सत्ता मिली थी तब वो अहंकार में चूर थे।
'जब सत्ता में थे तब पिता को भी नहीं बख्शा, अब ज्ञान दे रहे'
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव जब सत्ता में थे तब उन्होंने अपने पिता और चाचा तक का अपमान किया। किसी की सलाह नहीं ली। अहंकार में चूर रहे। अब जब सत्ता से बाहर हो गए हैं तो वेबसाइट के सहारे लोगों की बात सुनना चाहते हैं। सच तो ये है कि अखिलेश डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को अखिलेश का दौर याद है जब बहन-बेटियां सुरक्षित स्कूल और ऑफिस नहीं जा पाती थीं। बिना खर्ची-पर्ची के नौकरी नहीं मिलती थी। 2027 के चुनाव में नौजवान, किसान और महिला सपा का सूपड़ा साफ करेंगे।
'उधार के हाथों पर चल रही अखिलेश की राजनीति'-
अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव को अपनी पार्टी की स्थिति का आंकलन करना चाहिए। उधार के हाथों पर उनकी साइकिल चल रही है। 2027 में साइकिल के पहिए अलग हो जाएंगे और हैंडल किसी और के पास रहेगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तुष्टीकरण और अत्याचार की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के पास जनता के लिए न कोई विजन है और न ही मिशन।
'तुष्टीकरण की राह पर इतना बढ़ गए कि सनातन परंपराओं का ज्ञान नहीं रहा'
नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि अखिलेश यादव स्वयं को भगवान श्रीकृष्ण का वंशज बताते हैं, लेकिन मुस्लिम तुष्टीकरण की राह पर इतना आगे बढ़ गए हैं कि उन्हें सनातन परंपराओं और मंत्रों का ज्ञान नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र में राधे-राधे शब्द का इस्तेमाल एक-दूसरे का अभिवादन करने और प्रभु का नाम जपने के लिए किया जाता है। लेकिन इस नाम में भी अखिलेश यादव को सियासत नजर आती है। सच तो ये है कि सनातन को बदनाम करने का कोई मौका अखिलेश नहीं छोड़ते हैं।


No Previous Comments found.