‘सीटें नहीं, इलाके बांटने की चर्चा कर रहे सपा-कांग्रेस’: भाजपा प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 23 Nov, 2026 03:33 PMलखनऊ, 23 नवंबर। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सीटों के बंटवारे पर जारी चर्चाओं के बीच भाजपा ने दोनों दलों पर निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस के बीच हो रही बातचीत सीट शेयरिंग की नहीं, बल्कि दो ‘पूर्व सत्ताधारी गैंग’ के बीच इलाके बांटने की कवायद है।
अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि इसी वजह से दोनों दलों के नेताओं के बीच हुई बैठक महज 20 मिनट में ही झगड़े और आरोप-प्रत्यारोप के बीच समाप्त हो गई। उनके मुताबिक, बैठक में नेता एक-दूसरे पर छींटाकशी करते हुए नाराज होकर उठ गए।
सपा-कांग्रेस पर मुस्लिम वोट के लिए गठजोड़ का आरोप
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस केवल मुस्लिम वोट हासिल करने के लिए गठबंधन की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दोनों दलों को ‘वसूली गैंग’ बताते हुए कहा कि उनका मकसद जनता की सेवा करना नहीं, बल्कि सत्ता में लौटकर प्रदेश में लूटमार और अपहरण का कारोबार फिर शुरू करना है।
‘जनता को ठगने का गठबंधन करना चाहते हैं दोनों दल’
त्रिपाठी ने कहा कि सपा-कांग्रेस का गठबंधन उत्तर प्रदेश की जनता के हित में नहीं, बल्कि उसे ठगने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि दोनों पार्टियों के बीच आपसी आरोप-प्रत्यारोप जारी रहेंगे और गठबंधन की राह आसान नहीं होगी।
20 मिनट में खत्म हुई सीट शेयरिंग बैठक
गौरतलब है कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सोमवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बैठक हुई थी। यह बैठक करीब 20 मिनट तक ही चली। बैठक के जल्द समाप्त होने के बाद दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अटकलें तेज हो गईं। दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच पहले से जारी बयानबाजी के बीच यह बातचीत हुई।


No Previous Comments found.