‘वोट देगा अहीर, लैपटॉप लेगा जहीर’, भाजपा MLC सुभाष यदुवंश ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना
अखिलेश के लैपटॉप वितरण पर सुभाष यदुवंश का तीखा हमला, मुस्लिम तुष्टीकरण को लेकर कसा तंज
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Oct, 2026 12:54 PMलखनऊ, 19 अक्टूबर। भाजपा MLC सुभाष यदुवंश ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश यादव द्वारा लैपटॉप बांटे जाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘वोट देगा अहीर और लैपटॉप लेगा जहीर।’ दरअसल, हाल ही में अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में कुछ छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटे थे, जिसमें अधिकतर मुस्लिम छात्र शामिल थे।
अब सोशल मीडिया पर इसको लेकर कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं। इसी तस्वीर को लेकर सुभाष यदुवंश ने अखिलेश यादव पर परोक्ष रूप से मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप लगाया है। उन्होंने सपा प्रमुख के इस कदम को यादवों की उपेक्षा से जोड़ा है। सुभाष यदुवंश ने तंज कसा है कि सपा में केवल मुस्लिमों का बोलबाला है, यादवों को सपा केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती है जबकि फायदा सिर्फ मुस्लिमों को पहुंचाया जाता है।
ये पहला मौका नहीं है जब सुभाष यदुवंश ने अखिलेश यादव पर हमला बोला है। इससे पहले भी सुभाष यदुवंश सपा के पीडीए पर निशाना साधते रहे हैं। सुभाष यदुवंश का आरोप है कि अखिलेश का पीडीए केवल ढकोसला है और सपा सिर्फ एक परिवार की हिमायती पार्टी है।
अखिलेश यादव की लैपटॉप वितरण योजना पर उठते रहे हैं सवाल-
लैपटॉप वितरण को लेकर अखिलेश यादव पर पहले भी आरोप लगते रहे हैं। हाल ही में भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने भी सपा की लैपटॉप वितरण योजना को लॉलीपॉप योजना बताया था। उन्होंने कहा था कि अखिलेश यादव ने सरकार में रहते हुए लैपटॉप वितरण के नाम पर अपनी तिजोरी भरी है। कई नेता आरोप लगाते रहते हैं कि सपा सरकार में छात्रों को खराब क्वालिटी का लैपटॉप दिया गया था। वितरण में भी गड़बड़ी की गई थी।



No Previous Comments found.