अंबेडकरनगर में बस-ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, 4 यात्रियों की मौत
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 2 Oct, 2026 04:09 PMलखनऊ, 02 अक्टूबर 2026 अंबेडकरनगर में शुक्रवार तड़के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही एसी बस की एक ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बस में करीब 50 यात्री सवार थे और दुर्घटना के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। हादसा सुबह करीब 5 बजे जैतपुर थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से बस को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला। करीब 40 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। दुर्घटना के बाद बस चालक, कंडक्टर और ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गए। एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि बस 'तिघरा एक्सप्रेस' ट्रैवल की थी। शुरुआती जांच में लग रहा है कि बस चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर जैतपुर थाना क्षेत्र में हुई। बस में सवार ज्यादातर यात्री बिहार के रहने वाले थे। चार मृतकों में से एक की पहचान बिहार निवासी सचिन कुमार (30) के रूप में हुई है, जबकि तीन अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों में सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) शामिल हैं। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर राजस्थान से टाइल्स लेकर बिहार जा रहा था। बस से टक्कर के बाद टाइल्स सड़क पर बिखर गईं। हादसे के बाद पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा करने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन चालकों की तलाश भी की जा रही है।



No Previous Comments found.