केशव मौर्य का राहुल गांधी पर हमला, 2027 चुनाव को लेकर दी चेतावनी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 1 Nov, 2026 10:30 PMलखनऊ, 01 नवंबर 2026 कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शनों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए उनके कार्यक्रमों को लोकतंत्र और संविधान का मजाक बताया। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, "गठबंधन ने श्री राहुल गांधी को लॉन्च करने के लिए अनेक बार प्रयोग किया और अनेक बार विफल हो गया। आज का जो इनका कार्यक्रम, कल भी जो कार्यक्रम था और आज का जो कार्यक्रम है, यह लोकतंत्र का भद्दा मजाक है। संविधान का मजाक है।" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014, 2019 और 2024 में बनी सरकारों का उल्लेख करते हुए मौर्य ने कहा, "देश की जनता ने अपना जनादेश देकर माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की सरकार बनाई है। दो हजार चौदह में, दो हजार उन्नीस में, दो हजार चौबीस में। यह सत्ता वियोग में व्यथित श्री राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के लोगों को बर्दाश्त नहीं हो रहा, लेकिन यह भारत है, यहां मुंगेरीलाल के सपने देखो, यह कर पाना असंभव है।" केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर राजधानी दिल्ली के व्यापार को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "देश की राजधानी का व्यापार चौपट करने की कोशिश कर रहे हैं, अहंकार में डूबे हुए हो और जो भी दल इनके इस कार्यक्रम का समर्थन कर रहे हैं, उन सबको इसका जवाब देना पड़ेगा।" आगामी विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए मौर्य ने कहा, "जनता अभी जो दो हजार सत्ताईस की शुरुआत से ही विधानसभा के जिन राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, वहां इनको इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। इस बार कांग्रेस की अगुवाई वाले हर गठबंधन का अहंकार जनता चूर-चूर कर देगी।" उनके इस बयान के साथ ही विपक्ष के कार्यक्रमों को लेकर भाजपा की आलोचना और आगामी चुनावों के संदर्भ में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं।


No Previous Comments found.