गढ़ गंगा कार्तिक मेले में सुरक्षा का कड़ा पहरा, 2,500 कैमरों से होगी निगरानी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 23 Nov, 2026 06:49 PM
गढ़ गंगा कार्तिक मेले में सुरक्षा का कड़ा पहरा, 2,500 कैमरों से होगी निगरानी

लखनऊ, 23 नवंबर 2026 गढ़ गंगा कार्तिक पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की तैनाती से लेकर सीसीटीवी निगरानी और अंतरजनपदीय समन्वय तक कई स्तरों पर इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में एडीजी मेरठ और डीआईजी मेरठ ने अस्थायी पुलिस लाइन में बैठक आयोजित कर मेले में तैनात राजपत्रित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेले की व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा मेला पूरी तरह बस चुका है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल के साथ होमगार्ड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं। मेले में 26 थाने और पांच पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं, जबकि पूरे मेला क्षेत्र और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां करीब 2,000 से 2,500 कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही मेले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अमरोहा, मेरठ और गाजियाबाद सहित आसपास के जिलों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि अलग-अलग स्थानों पर तैनात पुलिस बल के बीच बेहतर तालमेल बना रहे। अधिकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री स्तर पर भी अधिकारियों और संबंधित टीमों को ब्रीफ किया जा चुका है। डीजीपी की ओर से भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा एटीएस और एसटीएफ की टीमें भी तैनात हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सभी संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए तैयारियां पूरी हैं और अब तक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। 

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.