छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का प्रतीक : पंकज चौधरी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 13 Nov, 2026 11:55 PMलखनऊ, 13 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने छठी मैया और भगवान भास्कर से सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि छठ महापर्व भारत की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली विरासत, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व सूर्य उपासना के माध्यम से प्रकृति के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने की भारतीय परंपरा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की विशेषता है कि इसमें उगते सूर्य के साथ-साथ अस्ताचलगामी सूर्य को भी अर्घ्य अर्पित किया जाता है। यह परंपरा जीवन के प्रत्येक पड़ाव और प्रकृति के हर स्वरूप के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का संदेश देती है।
पंकज चौधरी ने छठ महापर्व पर चार दिवसीय कठिन निर्जला व्रत रखने वाली माताओं, बहनों और सभी श्रद्धालुओं के तप, त्याग, आस्था एवं समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारी सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने के साथ ही प्रकृति और मानव जीवन के बीच आत्मीय संबंधों को भी अभिव्यक्त करता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कामना की कि छठी मैया और भगवान भास्कर का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का वास हो तथा उत्तर प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे।


No Previous Comments found.