पंकज चौधरी का निर्विरोध चुना जाना तय, सीएम योगी बने प्रस्तावक
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 13 Dec, 2025 08:31 PMलखनऊ (युगवार्ता) । उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन को जल्द नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महराजगंज से सातवीं बार सांसद चुने गए पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके प्रस्तावक बने।
एकमात्र नामांकन, अध्यक्ष बनना लगभग तय
भाजपा की परंपरा के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सामान्यतः एक ही नामांकन किया जाता है। इस बार भी निर्धारित समय सीमा दोपहर 3 बजे तक केवल पंकज चौधरी का ही नामांकन पत्र दाखिल हुआ। अन्य किसी भी नेता द्वारा नामांकन न किए जाने के कारण उनका निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 दिसंबर को औपचारिक चुनाव होगा।
सीएम योगी सहित कई वरिष्ठ नेता बने प्रस्तावक
पंकज चौधरी के नामांकन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा केशव मौर्य, ब्रजेश पाठक, स्मृति ईरानी, सुरेश खन्ना, स्वतंत्रदेव सिंह, सूर्य प्रताप शाही और बेबी रानी मौर्य भी प्रस्तावक के रूप में शामिल रहे। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में पंकज चौधरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भरोसेमंद नेता माना जाता है।
रविवार को हो सकता है औपचारिक ऐलान
सूत्रों के अनुसार रविवार को पंकज चौधरी के नाम पर औपचारिक मुहर लग सकती है। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की घोषणा लखनऊ में आयोजित पार्टी कार्यक्रम के दौरान होने की संभावना है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की उपस्थिति में राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की भी घोषणा की जाएगी।
ओबीसी समीकरण साधने की रणनीति से जुड़ा फैसला
पिछले वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को ओबीसी वर्ग, विशेष रूप से कुर्मी समुदाय की नाराजगी का सामना करना पड़ा था। पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने को उसी असंतोष को दूर करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के पड़ोसी जिलों—महाराजगंज और गोरखपुर—से आते हैं, जिससे क्षेत्रीय संतुलन भी साधा गया है।


No Previous Comments found.