रोशन सिंह के नाम पर अस्पताल का नाम बदलने की मांग, 13वें दिन स्थगित हुआ धरना

प्रयागराज में शासन के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, आठ सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई का दिया आश्वासन

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 17 Aug, 2026 04:12 PM
रोशन सिंह के नाम पर अस्पताल का नाम बदलने की मांग, 13वें दिन स्थगित हुआ धरना

प्रयागराज। अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के नाम पर स्वरूप रानी नेहरू मंडलीय चिकित्सालय का नामकरण किए जाने सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना 13वें दिन शासन के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह शासन के प्रतिनिधि के तौर पर धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की।

सिद्धार्थनाथ सिंह ने महुआ डाबर संग्रहालय के महानिदेशक एवं क्रांतिकारी शहीदों के वंशज डॉ. कलाम राणा सहित आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधियों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान स्थल पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और आंदोलनकारियों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

आंदोलन की प्रमुख मांग है कि स्वरूप रानी नेहरू मंडलीय चिकित्सालय का नाम बदलकर ‘अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह चिकित्सालय’ किया जाए। इसके साथ ही शहीद ठाकुर रोशन सिंह पार्क एवं प्रतिमा स्थल के संरक्षण, वहां दर्ज ऐतिहासिक त्रुटियों को दूर करने तथा मंडलीय चिकित्सालय के समीप सिविल लाइन्स चौराहे का नाम ‘अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह चौराहा’ किए जाने की मांग भी शामिल है।

आंदोलनकारियों ने 19 दिसंबर 2026 से शुरू होने वाले ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान शताब्दी वर्ष के अवसर पर राजकीय कार्यक्रम आयोजित करने और शस्त्र सलामी देने की मांग भी रखी है। इसके अलावा मंडलीय चिकित्सालय को आधुनिक एवं आदर्श चिकित्सालय के रूप में विकसित करने की मांग की गई है।

आठ सूत्रीय मांगों में मलाका जेल के इतिहास पर अभिलेखीय दस्तावेजों के आधार पर शोध ग्रंथ प्रकाशित करने, शहीद प्रतिमा स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग भी शामिल है। साथ ही ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान स्थल को स्वतंत्रता संग्राम सर्किट और उत्तर प्रदेश के पर्यटन मानचित्र में शामिल करने की मांग की गई है।

शासन की ओर से मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई के आश्वासन के बाद धरना स्थगित कर दिया गया। आंदोलन के संयोजक डॉ. अवनीश सिंह ने धरने में सहयोग देने वाले सभी साथियों और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अब आंदोलनकारियों की नजर शासन की ओर से आठ सूत्रीय मांगों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है। मांगों पर ठोस निर्णय और समयबद्ध कार्रवाई को लेकर आगे की दिशा तय की जाएगी।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Prayagraj #ThakurRoshanSingh #UttarPradesh #SwarupRaniHospital #FreedomFighter #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2