नेशनल चेंजमेकर्स मीट में यूपी का डंका, अनूपशहर विधायक संजय शर्मा सम्मानित
देश के 51 चेंजमेकर्स में एकमात्र जनप्रतिनिधि, बेटियों की शिक्षा के लिए किए प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 Oct, 2026 11:33 PMएकता नगर (गुजरात)/लखनऊ, 6 अक्टूबर : गुजरात के नर्मदा जिले में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास एकता नगर स्थित जीएससी बैंक के सहकार भवन में 1 से 4 अक्टूबर तक आयोजित ‘नेशनल चेंजमेकर्स मीट 2026’ में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अनूपशहर से विधायक संजय कुमार शर्मा को सम्मानित किया गया। देश के 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए 51 चेंजमेकर्स में शर्मा एकमात्र विधायक रहे, जिन्हें इस राष्ट्रीय मंच पर विशेष पहचान मिली।
यह सम्मेलन वडोदरा की सामाजिक संस्था समन्वय प्रतिष्ठान ने इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया। आयोजन को चार्जज़ोन, ओएनजीसी और कॉनमैट हैवी इंडस्ट्रीज का भी सहयोग मिला। सम्मेलन में शिक्षा, जनजातीय कल्याण, नशामुक्ति, ग्रामीण विकास, सुशासन और कला-संस्कृति के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
बेटियों की शिक्षा के लिए ‘अनूपशहर मॉडल’-
संजय शर्मा को ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयासों के लिए सम्मान मिला। वर्ष 2017 से वह विधानसभा क्षेत्र के गांवों में घर-घर और चौपालों तक पहुंचकर कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं और उनके परिवारों से संवाद करते रहे हैं। उन्होंने बेटियों को पढ़ाई बीच में न छोड़ने के लिए प्रेरित किया।
इन प्रयासों से 50 हजार से अधिक बेटियों को शिक्षा जारी रखने की प्रेरणा मिली, जबकि 14 हजार से अधिक छात्राओं और उनके परिवारों से सीधे संवाद किया गया। पढ़ाई छोड़ चुकीं 200 से अधिक छात्राओं को दोबारा स्कूल से जोड़ा गया। क्षेत्र में 12वीं तक के तीन कस्तूरबा आवासीय विद्यालय और बालिकाओं के लिए एक राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना व संचालन भी हुआ। मेधावी छात्राओं के प्रोत्साहन के लिए 12वीं की टॉपर्स को कलाई घड़ी और 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को दीवार घड़ी से सम्मानित करने की परंपरा भी जारी है।
सम्मान को बेटियों और परिवारों को समर्पित किया-
विधायक संजय कुमार शर्मा ने कहा कि देश के 51 चेंजमेकर्स के बीच पहचान मिलना उनके लिए गर्व का क्षण है। यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि अनूपशहर की हजारों बेटियों, उनके परिवारों और शिक्षकों के संकल्प और प्रयासों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उनके सपनों में निवेश करना नए भारत के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करना है। उन्होंने समन्वय प्रतिष्ठान के संयोजक डॉ. जिगर इनामदार और पूरी टीम के प्रति आभार जताया।
दिग्गजों की रही मौजूदगी-
2012 से शुरू हुआ ‘चेंजमेकर्स नेटवर्क’ अब तक देशभर में जमीनी बदलाव लाने वाले 250 से अधिक लोगों को सम्मानित कर चुका है। चार दिवसीय आयोजन के उद्घाटन सत्र में गुजरात विधानसभा अध्यक्ष और बनास डेयरी के चेयरमैन शंकर चौधरी मुख्य अतिथि रहे। विशेष सत्र को गुजरात सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चूडासमा ने संबोधित किया।
राष्ट्र निर्माण और नीतिगत संवाद पर जोर-
वडोदरा का समन्वय प्रतिष्ठान चिंतन, आचरण और सेवा के माध्यम से समाजोत्थान के लिए काम करता है। ‘द चेंजमेकर्स नेटवर्क’ और ‘गुजरात थिंकर्स फेडरेशन’ समेत 11 पहलों के जरिए संस्था राष्ट्र निर्माण और भारतीय जीवन-मूल्यों को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है।
नई दिल्ली स्थित इंडिया फाउंडेशन एक स्वतंत्र राष्ट्रीय शोध केंद्र (थिंक टैंक) है, जो समकालीन भारत की नीतियों, चुनौतियों और संभावनाओं पर राष्ट्रीय और सभ्यतागत दृष्टिकोण से नीतिगत संवाद को बढ़ावा देता है।



No Previous Comments found.