‘बयानबाजी छोड़ो, जनता के बीच जाओ’—अखिलेश ने सपा कार्यकर्ताओं को दिया साफ संदेश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 12 Sep, 2026 06:26 PMलखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठन को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की और उन्हें जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को गैरजरूरी बयानबाजी से बचने तथा संयम के साथ पार्टी की बात जनता तक पहुंचाने की सलाह दी।
जनता से लगातार संवाद पर जोर
बैठक के दौरान अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आम जनता में सरकार के ख़िलाफ असंतोष बढ़ रहा है। ऐसे में सपा नेता अपनी जुबान पर संयम रखें और ऊलजलूल बयानबाजी से बचें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने, लोगों की समस्याओं को समझने और उनके साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
सरकार के खिलाफ असंतोष को बनाएंगे ताकत
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को मूलमंत्र देते हुए कहा कि जनता के बीच सरकार को लेकर जो असंतोष है, उसे पार्टी की ताकत बनाया जाए। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएं और उन्हें पार्टी से जोड़ने का काम करें। इसके साथ ही सरकार की कमियों को जनता के सामने रखे और सपा के अच्छे कामों को बताया जाए।
वादों की याद दिलाने की रणनीति
बैठक में सरकार की ओर से किए गए वादों को भी जनता के बीच प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे लोगों को सरकार के वादों की याद दिलाएं और जमीनी स्तर पर उनकी स्थिति से जनता को अवगत कराएं। पार्टी का फोकस इस बात पर रहेगा कि सरकार के दावों और वास्तविक स्थिति के बीच के अंतर को जनता के सामने रखा जाए।
विवादों से दूर, जनता के मुद्दों पर फोकस
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि वे अनावश्यक विवादों और बयानबाजी में उलझने के बजाय जनता के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि चुनावी रणनीति को जमीन पर प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का लगातार जनता के संपर्क में रहना जरूरी है। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटने और क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।



No Previous Comments found.