चार साल की तल्खी भूले रामदेव-बृजभूषण, गले मिले तो देखते रह गए राजा भैया!
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Nov, 2026 10:34 PMनई दिल्ली, 19 नवंबर 2026 कभी एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले योगगुरु बाबा रामदेव और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की मुलाकात ने अब सबका ध्यान खींच लिया है। प्रतापगढ़ में राजा भैया के राजभवन में आयोजित बाबा बागेश्वर की कथा के दौरान दोनों की ऐसी मुलाकात हुई, जिसमें पुराने विवाद की कोई झलक नजर नहीं आई। एक-दूसरे को देखते ही दोनों के चेहरे खिल उठे और मुलाकात का अंदाज देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया। 17 नवंबर को हुई इस मुलाकात का वीडियो 19 नवंबर को सामने आया है। इसमें बृजभूषण शरण सिंह बाबा रामदेव को देखते ही उनके पैर छूने के लिए झुकते नजर आते हैं। रामदेव उनका हाथ थामकर उन्हें गले लगा लेते हैं। इसके बाद बृजभूषण उन्हें कमर से पकड़कर ऊपर उठा लेते हैं। दोनों के इस अंदाज को देखकर पास खड़े राजा भैया भी हैरान रह जाते हैं, जबकि वहां मौजूद संतों और पुलिस अधिकारियों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। रामदेव और बृजभूषण के बीच करीब चार साल तक विवाद चला। इसकी वजह पतंजलि के घी को लेकर बृजभूषण की बयानबाजी थी। घी को नकली बताने और लगातार आरोप लगाए जाने के बाद पतंजलि ने उनके खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर किया था। उस समय बृजभूषण ने यहां तक कहा था कि वह जेल जाने को तैयार हैं, लेकिन जमानत नहीं कराएंगे। हालांकि, इसी साल 23 सितंबर को दोनों पक्षों ने आपसी गलतफहमियां दूर कर विवाद खत्म कर लिया। बाबा रामदेव गोंडा में श्रीराम कथा में शामिल होने के बाद कुंडा पहुंचे थे। इसी दौरान कार्यक्रम से लौट रहे बृजभूषण शरण सिंह से उनका आमना-सामना हो गया। मुलाकात के बाद बृजभूषण गोंडा के लिए निकलने वाले थे, लेकिन रामदेव के कहने पर वह वापस मंच पर आ गए। इसके बाद दोनों ने एक साथ बैठकर कथा सुनी। कभी कानूनी लड़ाई और तीखी बयानबाजी को लेकर सुर्खियों में रहे दोनों चेहरों की यह बदली हुई केमिस्ट्री अब सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रही है।


No Previous Comments found.