विपक्ष की अराजकता और झूठ का गांव-गांव, घर-घर देंगे जवाब: पंकज चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा की हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने के बजाय आत्ममंथन करे विपक्ष, भाजपा ने सामाजिक न्याय और महिला सशक्तीकरण के लिए किए संशोधन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 Nov, 2026 06:15 PMगोरखपुर, 4 नवंबर। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि यह नया भारत है, यह मोदी जी का विकसित भारत है, यह विकसित संकल्प वाला भारत है। यहां किसी भी प्रकार की अराजकता और षड्यंत्रकारी राजनीति नहीं चलेगी और विपक्ष के हर झूठ और अराजकता का मुंहतोड़ जवाब गांव-गांव और घर-घर जाकर देंगे।
यह बातें उन्होंने बुधवार को गोरखपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। इससे पहले उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का गोरखपुर में प्रथम आगमन पर स्वागत किया।
चौधरी ने कहा की विपक्ष कभी ईवीएम पर सवाल उठाता है, तो कभी बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करता है, जबकि बैलेट पेपर से हुए देश के 28 एमएलसी सीटों के चुनाव में कांग्रेस को मात्र एक सीट मिली। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 37, तमिलनाडु में 59, पश्चिम बंगाल में 49, बिहार में 36, त्रिपुरा में 33, गुजरात में 31, ओडिशा में 26 और नागालैंड में 21 वर्षों से सत्ता से बाहर है। कांग्रेस को अपनी हार पर आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह सभा लोकतंत्र की रक्षा, अराजकता समाप्त करने और राष्ट्रविरोधी षड्यंत्रों को बेनकाब करने के संकल्प का हिस्सा है। विपक्षी गठबंधन जनता को गुमराह कर रहा है और चुनाव हारने पर ईवीएम व चुनाव आयोग पर आरोप लगाकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने तथा देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास करता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद में चर्चा और बहस के समय बाहर चले जाते हैं, लेकिन 'मॉक संसद' कर लोकतंत्र के मंदिर का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस को संविधान नहीं, बल्कि परिवार और सत्ता की चिंता है। उन्होंने कहा कि 2024 में संविधान बदलने का भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने वाली कांग्रेस ने ही अपने एक नेता को प्रधानमंत्री पद पर बनाए रखने के लिए 1976 में 42वां संविधान संशोधन किया था, जिसे 'मिनी संविधान' कहा जाता है। कांग्रेस अब तक 75 संशोधन कर चुकी है, जबकि एनडीए सरकार ने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 22 संशोधन किए, जिनमें एससी-एसटी के अधिकारों एवं सम्मान और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को अधिकार दिलाने के लिए किया गया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन दिल्ली में कुछ नौजवानों को भ्रमित और लोगों को उत्तेजित कर प्रदर्शन कराया गया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर सरकार या भाजपा को कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन जब नेताओं ने 'रिजीम चेंज' की बात की और एक नेत्री ने बांग्लादेश जैसा प्रयोग करने की बात कही, तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ें बेहद गहरी हैं और यहां बांग्लादेश, नेपाल या श्रीलंका जैसी स्थिति नहीं बन सकती। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद से तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। आज लोकतंत्र बचाने वालों के साथ जनता की कितनी बड़ी ताकत खड़ी है, यह यहां उमड़ी भीड़ से स्पष्ट है।
चौधरी ने कहा कि विपक्ष के लोग चुनाव हारते हैं, तो केवल आरोप लगाते हैं। उन्हें स्वयं आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। हाल ही में हुए उपचुनाव, नगर निकाय चुनाव, असम, बिहार और पांडिचेरी के चुनाव, राजस्थान एवं गुजरात के निकाय चुनावों में जनता ने उन्हें हराकर वापस भेजने का काम किया है। इसलिये उन्हें अपने भीतर झांककर आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्ष अनावश्यक हंगामा कर रहा है, जबकि यह प्रक्रिया नौवीं बार हो रही है। एसआईआर के तहत अनुपस्थित, मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों का शुद्धिकरण किया जाता है। भाजपा का स्पष्ट मत है कि प्रत्येक भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए और छूटे हुए नाम फॉर्म-6 के माध्यम से जुड़वाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों और बांग्लादेशियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने पर ही विपक्ष चुनाव आयोग पर आरोप लगा रहा है।
चौधरी ने कहा कि एक तरफ विपक्ष अराजकता फैला रहा है, वहीं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से देश निरंतर प्रगति कर रहा है। 2014 से पहले कांग्रेस देश को बीमारू अर्थव्यवस्था और फ्रैजाइल-5 की स्थिति में छोड़कर गई थी। इसके बाद कोविड महामारी और वैश्विक संकट जैसी चुनौतियों के बावजूद भारत आज दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रधानमंत्री के मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के साथ बिना भेदभाव गरीबों का कल्याण, इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास और नौजवानों को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी देश में पहले स्टार्टअप उंगलियों पर गिने जा सकते थे, लेकिन आज देश में 2 लाख 30 हजार से अधिक स्टार्टअप चल रहे हैं। हमारे नौजवान अपने स्टार्टअप के दम पर अंतरिक्ष तक जाने का प्रयास कर रहे हैं। आज दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है। पहले भारत कुछ कहता था तो दुनिया सुनती नहीं थी, लेकिन आज भारत कुछ कहता है तो दुनिया सुनती भी है और उस पर अमल भी करती है। यही आज भारत की पहचान बनी है।
चौधरी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने गरीबों का कल्याण, सीमाओं की सुरक्षा, नक्सलवाद और धारा 370 समाप्त कर अखंड भारत के निर्माण की दिशा में काम किया है। उन्होंने कहा कि 2015-16 में महाराजगंज में जिला पंचायत चुनाव के दौरान सांसद रहते हुए उनके घर पर फायरिंग की गई थी और विधायकों को रिवॉल्वर दिखाकर गाड़ियों से उतार लिया जाता था। उस समय उत्तर प्रदेश में ऐसी कानून-व्यवस्था थी कि लोग यहां आने और निवेश करने से घबराते थे, लेकिन आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरे देश में मिसाल बनी है।


No Previous Comments found.