फिरोजाबाद की टायर फैक्ट्री में भीषण आग, दूर तक दिखा काले धुएं का गुबार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 4 Oct, 2026 09:59 PM
फिरोजाबाद की टायर फैक्ट्री में भीषण आग, दूर तक दिखा काले धुएं का गुबार

लखनऊ, 04 अक्टूबर 2026


उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार को एक टायर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना शिकोहाबाद क्षेत्र के उरमुरा नौशेरा इलाके की है, जहां पुराने टायरों को री-ट्रेड करने और उनसे तेल निकालने का काम किया जाता है। अज्ञात कारणों से लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री से उठता काला धुआं काफी दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।


आग की सूचना मिलते ही जिले के सभी अग्निशमन केंद्रों से दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। करीब छह दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।


फायर ऑफिसर सतेंद्र पांडे ने बताया कि यह टायर फैक्ट्री है, जहां पुराने टायरों को री-ट्रेड किया जाता है। सूचना मिलते ही जनपद की सभी दमकल गाड़ियों को मौके पर बुला लिया गया। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के दौरान पानी की समस्या भी सामने आई है। आग लगने के कारण फैक्ट्री का पानी का पंप खराब हो गया है। ऐसे में दमकल की गाड़ियां एक-एक करके पानी भरने जा रही हैं और फिर घटनास्थल पर लौटकर आग बुझाने के अभियान में जुट रही हैं। अधिकारी के मुताबिक, दमकल विभाग को करीब ढाई बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद सभी स्टेशनों से तत्काल फायर टेंडर भेजे गए। गाड़ियां लगातार मौके पर पहुंच रही हैं और आग को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है।


आग की लपटों के साथ फैक्ट्री से निकलने वाला घना काला धुआं आसमान में फैल गया। आसपास रहने वाले लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। आग की ऊंची लपटों और धुएं को देखकर स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई। प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। फायर ऑफिसर ने बताया कि इसी फैक्ट्री में इस साल पहले भी आग लग चुकी है। हालांकि रविवार को आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल विभाग की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना है। इसके बाद फैक्ट्री का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।


फैक्ट्री में आग से कितना नुकसान हुआ है, इसका फिलहाल आकलन नहीं हो सका है। अधिकारियों के मुताबिक, आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल छह दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग को फैलने से रोकने के साथ उसे पूरी तरह बुझाने का अभियान जारी है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad