हारेंगे तो क्या आरोप लगाएंगे, अभी से स्क्रिप्ट तैयार’, केशव मौर्य का विपक्ष पर वार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 25 Sep, 2026 08:24 PM
हारेंगे तो क्या आरोप लगाएंगे, अभी से स्क्रिप्ट तैयार’, केशव मौर्य का विपक्ष पर वार

लखनऊ, 25 सितंबर 2026 उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि विपक्ष अभी से चुनावी हार के बाद लगाए जाने वाले आरोपों की तैयारी कर रहा है। भाजपा भी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर रही है। मौर्य ने कहा, “देखिए पहला तो ये आप जान लीजिए कि ना तो देश में दो हजार सैंतालीस तक कांग्रेस आने वाली है और ना उत्तर प्रदेश में दो हजार सैंतालीस तक समाजवादी पार्टी आने वाली है। मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखने से किसी को कोई नहीं रोकता है। देखें अच्छे-अच्छे सपने लेकिन जब दो हजार सत्ताईस का रिजल्ट आएगा तो अभी से ये स्क्रिप्ट तैयार कर रहे हैं कि हार जाएंगे तो क्या आरोप लगाएंगे? तो इनके पास केवल यही है कि अच्छी सी स्क्रिप्ट तैयार कर लें। और जब मगरमच्छी आंसू बहाना होगा सत्ताईस का रिजल्ट आने के बाद तब बहाएंगे लेकिन उत्तर प्रदेश में कमल खिला हुआ है, कमल खिलने जा रहा है और सैंतालीस तक कमल खिला रहेगा क्योंकि विकसित भारत का विकसित उत्तर प्रदेश ना कांग्रेस बना सकती है, ना सपा बना सकती है, वो भाजपा ही बना सकती है।” विपक्षी दलों की रणनीति और एकजुटता को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा, “भटक रहे हैं लगातार, इससे ये सारे भाजपा के विरोधी हैं और जो भाजपा का विरोधी है, वो चाहे एक होकर के लड़े तब भी कमल खिलेगा। अलग-अलग लड़ेंगे तब भी कमल खिलेगा।” दूसरी ओर, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन मजबूत होने की बात कही है और 2027 के लिए अपनी पार्टी का अभियान शुरू किया है। चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर विपक्ष की आपत्तियों पर मौर्य ने कहा, “कांग्रेस-जनता पार्टी कह रही है कि जो चीफ इलेक्शन ऑफिसर हैं उन्हें हटाया जाए। ये बयानवीरता में कोई किसी के बारे में कुछ नहीं बोल सकता लेकिन मैं मानता हूँ कि ये जो विरोधी दल के लोग हैं इनको मीठा-मीठा गप और तीखा-तीखा थू, और वही स्थिति है जैसे कि जहाँ चुनाव जीत जाए वहाँ भाजपा का ग्राफ गिर गया है मोदी जी का ग्राफ गिर गया है और जहाँ चुनाव हार जाए वहाँ ईवीएम खराब हो गई है, चुनाव आयोग खराब हो गया है और वोट की चोरी कर ली गई है। इस प्रकार के फर्जी आरोप लगाते हैं जैसे इनका फर्जी PDA, जैसे इनका जनता की नजरों में उतरा हुआ नेतृत्व वैसे ही इनके घटिया आरोप।” मौर्य के इस बयान में 2027 के चुनाव के साथ 2047 तक भाजपा के सत्ता में बने रहने का दावा भी प्रमुख रहा। हाल के दिनों में वह लगातार सपा के पीडीए और उसकी चुनावी रणनीति पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि सपा ने भी 2027 को लेकर अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। ऐसे में विधानसभा चुनाव की ओर बढ़ते उत्तर प्रदेश में भाजपा और विपक्ष के बीच जुबानी मुकाबला और तेज होता दिखाई दे रहा है। 

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad