इतिहास, विरासत और स्वाभिमान की रक्षा के लिए एकजुट हो समाज -सूरज पासी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Sep, 2026 10:28 PMसीतापुर, 19 सितम्बर। लाखन आर्मी के संस्थापक सूरज पासी ने कहा कि जो महाराजा कंसा पासी के किले और हमारे आराध्य भगवान शिव के मंदिर को सुरक्षित व मुक्त कराने की बात करेगा, पासी समाज उसी के साथ खड़ा होगा। समाज अब अपने इतिहास, विरासत और स्वाभिमान के सवाल पर चुप नहीं बैठेगा। महाराजा कंसा पासी की वीरगाथा गांव-गांव और नई पीढ़ी तक पहुंचाई जाएगी।
सीतापुर जनपद की महोली विधानसभा में आयोजित लाखन आर्मी की विशाल जनसभा पूरी भव्यता के साथ संपन्न हुई। जनसभा में पहुंची पासी समाज की अपार भीड़ को संबोधित करते हुए सूरज पासी ने कहा कि महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले और आराध्य शिव मंदिर के संरक्षण व मुक्ति की मांग से किसी भी परिस्थिति में पीछे नहीं हटेंगे।
परंपराओं को जानने और धर्म-आस्था से जुड़ने का आह्वान-
सूरज पासी ने जनसभा में संगठन के मुख्य संकल्पों को रेखांकित करते हुए कहा कि पासी समाज ने इस धरती को अपने खून-पसीने से सींचा है। उन्होंने कहा, "जब हम अपने अर्थ, धर्म और जड़ों से अलग हुए, तभी से हमारा पतन शुरू हो गया। इसीलिए आज मैं आप सभी को जगाने आया हूँ कि अपनी आस्था और धर्म को पहचानिए व समझिए। उन्होंने आगे कहा कि आज पासी समाज को अपनी प्राचीन परंपराओं को जानना बेहद जरूरी है।
सूरज पासी ने उपस्थित जनसमूह से प्रश्न करते हुए कहा कि जब धरती है, जल है, आकाश है, गगन है और यह पूरा ब्रह्मांड है, जब सब कुछ मौजूद है, तो आज पासी समाज आखिर क्यों अलग-अलग टुकड़ों में बिखरा पड़ा हुआ है? अब समय आ गया है कि समाज एकजुट होकर अपनी शक्ति को पहचाने।
ऐतिहासिक संघर्ष, खान-पान की परंपरा और जन-प्रतिरोध-
ऐतिहासिक संघर्षों पर बात करते हुए सूरज पासी ने कहा कि जब विदेशी आक्रांताओं ने हमारी बहन-बेटियों के साथ अत्याचार और बलात्कार किए, तब हिंदू समाज के लोगों ने आगे बढ़कर एक ठोस योजना बनाई और उनका कड़ा प्रतिरोध किया। खान-पान की परंपराओं पर अपने विचार रखते हुए सूरज पासी ने कहा कि अंग्रेजों का सही और पौष्टिक भोजन सूअर का मांस हुआ करता था, क्योंकि वह काफी प्रोटीन युक्त होता था। उन्होंने कहा कि षड्यंत्र के तहत हम लोगों को पतली-पतली टांगों वाला मुर्गा पकड़ा दिया गया, जिसमें कोई खास पोषण नहीं होता। उन्होंने समाज के लोगों से अपनी सेहत और परंपराओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
बैठक के मुख्य संकल्प और "हर घर झंडा अभियान"-
सूरज पासी ने स्पष्ट किया कि महाराजा कंसा पासी के किले और भगवान शिव मंदिर को सुरक्षित व मुक्त कराना, "हर घर झंडा अभियान" को अभूतपूर्व रूप से सफल बनाना और हर गांव को नशामुक्त बनाकर समाज को एक नई दिशा देना ही इस आंदोलन का मुख्य ध्येय है।
बच्चों के हाथ में कलम देकर मजबूत करें समाज-
सूरज पासी ने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि बच्चों के हाथ में कलम दीजिए और उन्हें अपने इतिहास के बारे में बताइए। नई पीढ़ी को मालूम होना चाहिए कि वह वीर राजाओं और योद्धाओं की विरासत की उत्तराधिकारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि हर गांव को नशामुक्त करके ही समाज को नई दिशा दी जा सकती है। शिक्षित और नशामुक्त युवा ही समाज को संगठित और मजबूत बना सकते हैं।
गांव-गांव पहुंचेगा स्वाभिमान का अभियान-
सूरज पासी ने कहा कि महाराजा कंसा पासी की विरासत के संरक्षण का अभियान केवल महोली विधानसभा तक सीमित नहीं रहेगा। लाखन आर्मी गांव-गांव जाकर "हर घर झंडा अभियान" चलाएगी, समाज को उसके इतिहास से परिचित कराएगी और किले तथा शिव मंदिर की मुक्ति की मांग को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने अंत में कहा कि पासी समाज को अपने इतिहास और महापुरुषों के सम्मान के सवाल पर एकजुट होना होगा। जो महाराजा कंसा पासी के किले और भगवान शिव के मंदिर की मुक्ति की बात करेगा, पासी समाज उसी के साथ खड़ा रहेगा। पासी समाज का सूरज एक दिन फिर उगेगा।



No Previous Comments found.