अखिलेश का भाजपा पर हमला, जापानी बच्चों की तस्वीर से लेकर महंगाई तक साधा निशाना
सपा प्रमुख ने PDA, गठबंधन, परिवारवाद, मुफ्त राशन और आर्थिक नीतियों को लेकर सरकार पर उठाए सवाल
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Aug, 2026 09:06 PMLucknow : लखनऊ में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखे हमले किए। जापानी छात्रों के साथ मुख्यमंत्री की तस्वीर से लेकर सरकार की आर्थिक नीतियों, PDA, गठबंधन और परिवारवाद जैसे मुद्दों पर उन्होंने अपनी बात रखी।
जापानी छात्रों की तस्वीर पर तंज
अखिलेश यादव ने जापानी छात्रों के साथ मुख्यमंत्री की तस्वीर को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अगर जापानी छात्र थोड़ी रिसर्च करते तो शायद CM के साथ सेल्फी लेने की हिम्मत नहीं करते। आज मुख्यमंत्री बच्चों को खिला और दुलार रहे हैं। सरकार जाने के बाद शायद यही काम उनके पास बचेगा।
दरअसल, शुक्रवार को मुख्यमंत्री भवन में 13 जापानी बच्चों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली थी। बच्चे मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर लेने के लिए कतार में खड़े थे। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
‘बीजेपी’ और PDA पर भी हमला
अखिलेश ने बीजेपी के नारे और PDA को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर वह बीजेपी का मतलब बताएं तो इसका अर्थ ‘भाग जाओ पाकिस्तान’ होगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी PDA से घबराई हुई है। इसलिए वह PDA की परिभाषा बदलने की कोशिश कर रही है।
अखिलेश ने कहा कि उनके लिए PDA का मतलब प्रेम, दया और अपनापन है। इसी भावना के साथ समाजवादी पार्टी लोगों को जोड़कर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
स्कूलों में भोजन योजना का किया जिक्र
अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के दौरान स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने बच्चों को स्कूलों में गर्म खाना देने का काम किया था। अक्षयपात्र योजना के तहत भी बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया गया।
मुफ्त राशन और आय के दावे पर सवाल
अखिलेश ने मौजूदा सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार मुनाफे के लिए पेट्रोल में इथेनॉल मिला रही है। दूसरी तरफ चीनी महंगी की जा रही है। एक ओर सरकार प्रति व्यक्ति आय बढ़ने का दावा करती है। दूसरी ओर 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देना पड़ रहा है।
अखिलेश ने सवाल किया कि जिन 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की जरूरत है, उनकी वास्तविक आय कितनी बढ़ी है।
गठबंधन को लेकर बोले अखिलेश
बसपा प्रमुख मायावती के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने कहा कि आज सच बोलना भी मुश्किल हो गया है। समाजवादी पार्टी गठबंधन तोड़ने वाली पार्टी नहीं है। पार्टी जब किसी के साथ आती है तो उसका साथ निभाती है।
उन्होंने अपने गठबंधन को लेकर भी कहा कि मौजूदा गठबंधन बना रहेगा। समाजवादी पार्टी अपने सहयोगियों के साथ मजबूती से आगे बढ़ेगी।
‘परिवारवादी’ आरोप पर भाजपा को जवाब
समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद के आरोपों को लेकर अखिलेश ने भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने कई पार्टियों में चुनाव से पहले सांसदों को तोड़ा है। लेकिन समाजवादी पार्टी में ऐसा नहीं कर पाई।
अखिलेश ने कहा कि सपा के सांसदों में परिवार के लोग भी थे। मुस्लिम सांसद भी थे और पक्के समाजवादी भी थे। इसलिए बीजेपी सपा में टूट नहीं करवा पाई। उन्होंने कहा कि कई बार परिवारवादी होने का फायदा भी होता है।
जयंत चौधरी पर भी टिप्पणी
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को लेकर अखिलेश ने कहा कि बीजेपी के सहयोगी दलों को ज्यादा से ज्यादा चार गुना सीटें मिलनी चाहिए। उन्होंने तंज किया कि बीजेपी जयंत चौधरी की पार्टी को 120 सीटें दे। अगर इतनी सीटें नहीं मिलतीं तो यह चौधरी चरण सिंह का अपमान होगा।
प्रयागराज के विकास पर सरकार को घेरा
प्रयागराज के विकास को लेकर भी अखिलेश ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में विकास के नाम पर एक लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके बावजूद शहर में जलभराव की समस्या दिखाई देती है।
बुलेटप्रूफ जैकेट पर बोले अखिलेश
बुलेटप्रूफ जैकेट को लेकर अखिलेश ने कहा कि उन्हें ऐसी जैकेट न मिली है और न इसकी जरूरत है। जिसे जरूरत हो, उसे सुरक्षा मिलनी चाहिए।
महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना
अखिलेश ने बीजेपी पर बड़े लोगों को फायदा पहुंचाने वाले फैसले लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय आने पर चीनी महंगी कर दी गई है। उनके मुताबिक महंगाई का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है।



No Previous Comments found.