मरीजों के हित में यूपी एफएसडीए का विशेष अभियान, प्रदेश की सभी हॉस्पिटल फार्मेसियों की होगी जांच

4 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान, अस्पतालों की दवा दुकानों को वेबसाइट पर सार्वजनिक करनी होगी दवाओं की खरीद और बिक्री की कीमत मरीजों को पूरी पारदर्शिता के साथ सही विकल्प चुनने का अधिकार सुनिश्चित करने को उठाया जा रहा कदम दवाओं की कीमत या फार्मेसियों का मार्जिन तय करना उद्देश्य नहीं, बल्कि सेल्फ-डिस्क्लोजर सुनिश्चित करना है लक्ष्य 1 अक्टूबर के आदेश के अनुपालन की होगी पड़ताल, निर्देशों का पालन नहीं करने वाली अस्पताल फार्मेसियों से औषधि निरीक्षक मांगेंगे निर्धारित जानकारी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 24 Nov, 2026 06:11 PM
मरीजों के हित में यूपी एफएसडीए का विशेष अभियान, प्रदेश की सभी हॉस्पिटल फार्मेसियों की होगी जांच

लखनऊ, 24 नवंबर। अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों को दवाओं की खरीद में अधिक पारदर्शिता और सूचित विकल्प उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत प्रदेशभर की अस्पताल आधारित फार्मेसियों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाएगा। 4 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान में यह जांच की जाएगी कि अस्पताल परिसर में संचालित दवा दुकानों ने विभाग के निर्देशों के अनुरूप अपनी वेबसाइट पर दवाओं की खरीद और मरीजों को बिक्री से संबंधित निर्धारित मूल्य सहित आवश्यक जानकारियां सार्वजनिक की हैं या नहीं। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. रोशन जैकब ने इस संबंध में सभी सहायक आयुक्त (औषधि) और औषधि निरीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत सभी औषधि निरीक्षक अपने-अपने जनपदों में संचालित समस्त हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य अस्पतालों में दवाओं की कीमतों को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित करना और मरीजों को यह जानकारी उपलब्ध कराना है कि संबंधित फार्मेसी दवाएं किस कीमत पर खरीद रही है और मरीजों को किस कीमत पर उपलब्ध करा रही है। कीमत या मुनाफे पर नियंत्रण नहीं, जानकारी सार्वजनिक कराना है उद्देश्य एफएसडीए की इस पहल का उद्देश्य दवाओं की कीमत निर्धारित करना अथवा अस्पताल फार्मेसियों के व्यापारिक मार्जिन पर कोई सीमा तय करना नहीं है। यह व्यवस्था पूरी तरह जानकारी के स्व-प्रकटीकरण (सेल्फ डिस्क्लोजर) पर आधारित है। इसके माध्यम से मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं के वास्तविक खरीद मूल्य तथा मरीजों को बिक्री के लिए निर्धारित मूल्य की जानकारी उपलब्ध होगी, ताकि वे कीमतों को समझकर सोच-समझकर निर्णय ले सकें। महत्वपूर्ण यह भी है कि विभाग ने विशेष रूप से उन अस्पताल आधारित फार्मेसियों पर मूल्य संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने की जिम्मेदारी केंद्रित की है, जहां भर्ती मरीजों के पास दवाएं खरीदने का व्यावहारिक विकल्प सीमित या उपलब्ध नहीं होता। यानी विभाग का फोकस उस स्थान पर मरीजों को राहत दिलाना है, जहां उन्हें दवाओं की जरूरत सबसे अधिक होती है और विकल्प चुनने की स्वतंत्रता अपेक्षाकृत कम होती है। 1 अक्टूबर के आदेश में तय की गई थी पारदर्शिता की व्यवस्था आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर-2013 का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया गया था कि प्रत्येक रिटेलर और डीलर को निर्माता या आयातक की ओर से उपलब्ध कराई गई मूल्य सूची अपने कारोबार स्थल पर ऐसी प्रमुख जगह पर प्रदर्शित करनी होगी, जहां कोई भी इच्छुक व्यक्ति उसे आसानी से देख सके। इस प्रावधान के तहत सभी फार्मेसियों को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट तैयार करने और उस पर लाइसेंस संबंधी विवरण, फार्मेसी का नाम, लाइसेंस संख्या, लाइसेंसधारक का नाम एवं परिसर का पता प्रदर्शित करना होगा। इसके साथ ही नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, रजिस्ट्रेशन संख्या और फोटो तथा साप्ताहिक स्टॉक का विवरण भी सार्वजनिक करना होगा। वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट करना और उसका यूआरएल काउंटर पर प्रमुखता से प्रदर्शित करना भी अनिवार्य किया गया है। ग्राहकों की सुविधा के लिए वेबसाइट का लिंक ऐप अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश भी हैं। हालांकि, दवाओं के प्राइस टू रिटेलर (पीटीआर) और प्राइस टू कंज्यूमर (पीटीसी) सार्वजनिक करने का विशेष प्रावधान अस्पताल परिसर में संचालित अथवा अस्पताल के इन-पेशेंट मरीजों के लिए संचालित उन फार्मेसियों पर लागू है, जहां मरीजों के पास दवाएं और मेडिकल डिवाइस खरीदने का व्यावहारिक विकल्प उपलब्ध नहीं होता। 

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.