हनुमानगढ़ी में माथा टेक रामलला के दरबार पहुंचे सीएम योगी, प्रदेश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 23 Nov, 2026 03:35 PMअयोध्या, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर रामनगरी अयोध्या पहुंचे। रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए और आरती उतारी। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच शुरू होने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रामनगरी पहुंचे थे।
हनुमानगढ़ी में संकटमोचन के दर्शन कर उतारी आरती
हनुमानगढ़ी पहुंचकर मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से संकटमोचन हनुमान जी का पूजन किया और आरती उतारी। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना की।
रामलला के चरणों में साष्टांग दंडवत हुए सीएम योगी
हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभु श्रीरामलला के दर्शन किए और उनके चरणों में साष्टांग दंडवत होकर शीश नवाया। मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेशवासियों के कल्याण तथा सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और आमजन का मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। दर्शन-पूजन के दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.