“हार के बाद चुनाव आयोग पर सवाल, कांग्रेस की पुरानी आदत”: शिवराज का खड़गे पर पलटवार

मतपत्र से चुनाव की मांग पर कृषि मंत्री का कांग्रेस पर हमला, बोले- तकनीक ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाई, संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश देशहित में नहीं

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 4 Oct, 2026 01:58 PM
“हार के बाद चुनाव आयोग पर सवाल, कांग्रेस की पुरानी आदत”: शिवराज का खड़गे पर पलटवार

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम को लेकर सवाल उठाए जाने के बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार मिलने के बाद कांग्रेस जनादेश और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती रही है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया उसे सही नजर आती है, लेकिन हारने के बाद वही संस्थाएं सवालों के घेरे में आ जाती हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि कांग्रेस को चुनाव आयोग और ईवीएम की व्यवस्था पर इतना ही अविश्वास है, तो कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस चुनाव कैसे जीती?

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस की ओर से मतपत्र के जरिए चुनाव कराने की मांग पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है। ऐसे में कांग्रेस आखिर तकनीक का विरोध क्यों करना चाहती है?

शिवराज ने कहा कि मतपत्र के दौर में चुनावों को लेकर बूथ कैप्चरिंग और मतपत्रों में हेरफेर जैसी शिकायतें सामने आती थीं। उनके मुताबिक, मतपत्रों से चुनाव कराने की मांग देश को 1980 और 1990 के दशक की चुनाव व्यवस्था की ओर ले जाने वाली है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हारने के बाद चुनाव आयोग को बदनाम करना और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करना कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक प्रवृत्ति रही है। शिवराज ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस पहले भी लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर चुकी है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संस्थाओं और व्यवस्थाओं पर लगातार सवाल उठाकर उन्हें ध्वस्त करने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का खतरनाक खेल खेलने का आरोप लगाया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “संस्थाएं गलत, व्यवस्थाएं गलत, ध्वस्त कर दो, देश को अराजक बना दो—यह पाप है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कथित नापाक इरादे और मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।

यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस की ओर से चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और ईवीएम को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#ShivrajSinghChouhan #MallikarjunKharge #Congress #ElectionCommission #EVM #BallotPaper #IndianPolitics #PoliticsNews


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad