कंसा पासी के किले और शिव मंदिर की मुक्ति के लिए प्रदेशभर में चलेगा अभियान: सूरज पासी
सीतापुर में लाखन आर्मी का शक्ति प्रदर्शन, हजारों की संख्या में लोगों ने निकाली पदयात्रा, सूरज पासी बोले- कंसा पासी की विरासत और शिव मंदिर की मुक्ति तक जारी रहेगा आंदोलन, महापुरुषों की वीरगाथा गांव-गांव और नई पीढ़ी तक पहुंचाएगी लाखन आर्मी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 24 Sep, 2026 10:41 PM24 सितंबर, सीतापुर। महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले और उनके आराध्य भगवान शिव के मंदिर के संरक्षण एवं मुक्ति की मांग को लेकर लाखन आर्मी ने अभियान तेज कर दिया है। प्रदेशव्यापी अभियान के तहत गुरुवार को सीतापुर की हरगांव विधानसभा में लाखन आर्मी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी के नेतृत्व में हजारों की संख्या में समाज के लोगों और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा और रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। इसके बाद आयोजित जनसभा में सूरज पासी ने ऐलान किया कि महाराजा कंसा पासी के किले और शिव मंदिर की मुक्ति तक आंदोलन जारी रहेगा। इस अभियान को प्रदेश की सभी विधानसभाओं तक पहुंचाया जाएगा।
नई पीढ़ी तक पहुंचाएंगे महापुरुषों की वीरगाथा-
जनसभा को संबोधित करते हुए सूरज पासी ने कहा कि किसी भी समाज की ताकत उसके इतिहास और महापुरुषों की स्मृति में होती है। पासी समाज की नई पीढ़ी को अपने योद्धाओं के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि महाराजा कंसा पासी, महाराजा सूरज पासी और महाराजा सुहेलदेव पासी जैसे योद्धाओं की वीरगाथा गांव-गांव पहुंचाई जाएगी।
सूरज पासी ने दावा किया कि जब सैयद सालार मसूद गाजी ने अवध क्षेत्र में अपना प्रभाव बढ़ाने का प्रयास किया, तब मलिहाबाद और कसमंडी क्षेत्र में महाराजा कंसा पासी ने उसका प्रतिरोध किया। कसमंडी के मैदान में उनकी सेना ने आक्रांता सेना का मुकाबला किया। बड़ी संख्या में सैनिकों से घिरने के बावजूद महाराजा कंसा पासी युद्ध करते रहे और वीरगति को प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि उनका बलिदान पासी समाज के इतिहास और गौरव का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
किले और शिव मंदिर की मुक्ति तक जारी रहेगा अभियान-
सूरज पासी ने कहा कि महाराजा कंसा पासी के किले और शिव मंदिर का विषय किसी एक गांव या क्षेत्र तक सीमित नहीं है। यह पासी समाज के इतिहास, विरासत और स्वाभिमान से जुड़ा सवाल है। उन्होंने सरकार से किले का पुरातात्विक सर्वेक्षण कराने, ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने और शिव मंदिर की मुक्ति के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि लाखन आर्मी गांव-गांव जाकर समाज को अपने इतिहास के प्रति जागरूक करेगी। युवाओं को इतिहास से जोड़ने के साथ शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर भी जोर दिया जाएगा। सूरज पासी ने कहा कि चुनाव के समय समाज से वादे करने के बजाय उसके वास्तविक मुद्दों पर काम होना चाहिए। समाज को भी यह देखना होगा कि उसके महापुरुषों, विरासत और सम्मान के सवाल पर कौन उसके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक लाखन आर्मी का अभियान लगातार जारी रहेगा।



No Previous Comments found.