दून में सेवा संकल्प अभियान का पुरकुल गांव से आगाज, मंत्री गणेश जोशी ने सुनीं जनसमस्याएं

बहुउद्देशीय जन शिविर में 200 से अधिक लोगों ने लिया योजनाओं का लाभ, 28 से अधिक शिकायतों पर हुई सुनवाई

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 21 Sep, 2026 06:18 PM
दून में सेवा संकल्प अभियान का पुरकुल गांव से आगाज, मंत्री गणेश जोशी ने सुनीं जनसमस्याएं

देहरादून, 21 सितंबर। जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देहरादून जनपद में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरकुल गांव स्थित दीपक पुंडीर सामुदायिक केंद्र से हुई। अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय जन शिविर में 200 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। वहीं, 150 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंत्री ने पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट, दो किशोरी किट और दो बेबी किट भी वितरित कीं।

28 से अधिक जनसमस्याओं की सुनवाई

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिविर में ग्रामीणों की 28 से अधिक समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें बहुउद्देशीय जन शिविर, स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं भी उठीं

शिविर में सहस्रधारा आपदा प्रभावित क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पुश्तों, सुरक्षा दीवार, आवासीय कटान और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए।

इसके अलावा खेरी मान सिंह मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण तथा पुरकुल गांव में यातायात सुविधा के लिए बस संचालन की मांग भी ग्रामीणों ने रखी। बस संचालन से संबंधित प्रकरण में आरटीओ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

स्वयं सहायता समूह की सदस्य को चार लाख रुपये का चेक

शिविर के दौरान कृषि विभाग के सहयोग से उत्कृष्ट कार्य कर रहे सहसपुर विकासखंड के क्यारकुली भट्टा गांव स्थित श्रीहरि स्वयं सहायता समूह की सदस्य मीना कोटाल को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके साथ ही उद्यान विभाग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, मत्स्य, स्वास्थ्य, उद्यान सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

प्रत्येक विधानसभा, ब्लॉक और तहसील स्तर पर होंगे शिविर

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि देहरादून जनपद में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। इसके तहत ‘सेवा सेतु’ अभियान के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक विधानसभा, ब्लॉक और तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पुरकुल गांव में आयोजित शिविर इसी श्रृंखला की शुरुआत है।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी राहुल आनंद, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, क्षेत्रीय पदाधिकारी, बीडीसी सदस्य, ग्राम प्रधान, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#उत्तराखंड #देहरादून #सेवासंकल्पअभियान #गणेशजोशी #सेवासेतु #जनजनकीसरकारजनजनकेद्वार #जनशिविर #पुरकुल #उत्तराखंडसरकार


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad