नियुक्ति पत्र बांटने की गति नहीं गिन पाएगा सैफई सिंडिकेट, उसे सिर्फ नोट गिनना आता है: मुख्यमंत्री योगी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Nov, 2026 10:34 PMलखनऊ, 27 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी भर्तियों को लेकर सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार जिस तेजी से नियुक्ति पत्र बांट रही है, उसकी रफ्तार सैफई सिंडिकेट गिन नहीं पाएगा, क्योंकि उसे नोट गिनने के अलावा कुछ और गिनना आता ही नहीं है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश के 9.70 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। शुक्रवार को लखनऊ में 1,594 लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्होंने कहा कि 2017 से पहले भर्तियों में पारदर्शिता नहीं थी और सिफारिश व वसूली का बोलबाला था। उन्होंने पिछली सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए गोमती रिवरफ्रंट और जेपीएनआईसी परियोजनाओं का भी जिक्र किया।
योगी ने कहा कि मौजूदा सरकार में युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। प्रदेश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.50 लाख करोड़ से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है और राज्य देश की शीर्ष-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने महिला सुरक्षा, औद्योगिक विकास और तकनीकी शिक्षा में हो रहे बदलावों का भी जिक्र किया। साथ ही अपराधियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए नवनियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी के साथ काम करने की अपील की।


No Previous Comments found.