योगी सरकार के प्रयासों से सिख समाज के हित में हुए कार्यों की उपराज्यपाल संधू को दी जानकारी
सरदार परविंदर सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से की शिष्टाचार भेंट, वीर बाल दिवस, गुरुद्वारों के विकास और सिख विरासत के संरक्षण सहित विभिन्न कार्यों पर हुई चर्चा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Sep, 2026 12:30 AMलखनऊ, 17 सितंबर। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के लखनऊ आगमन पर उत्तर प्रदेश राज्य अल्पसंख्यक आयोग के वरिष्ठ सदस्य एवं उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान सरदार परविंदर सिंह ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सिख समाज के हित में किए जा रहे विभिन्न कार्यों और लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी उपराज्यपाल को दी। उन्होंने विशेष रूप से सिख गुरुओं और साहिबजादों के इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने, वीर बाल दिवस के आयोजन, गुरुद्वारों के विकास तथा सिख समाज की धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण से जुड़े प्रयासों का उल्लेख किया।
वीर बाल दिवस के आयोजन की पहल का किया उल्लेख
सरदार परविंदर सिंह ने बताया कि चारों साहिबजादों की महान शहादत को सम्मान देने के उद्देश्य से उन्होंने वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री के समक्ष वीर बाल दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था और वर्ष 2018 में भी इस संबंध में आग्रह किया था। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आग्रह को स्वीकार करते हुए लखनऊ से इसके शासकीय स्तर पर आयोजन की शुरुआत की। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर पहली बार गुरु ग्रंथ साहिब के प्रकाश तथा कीर्तन-गुरबाणी के आयोजन का भी उल्लेख किया।
सिख गुरुओं और साहिबजादों के इतिहास को पाठ्यक्रम में किया गया शामिल
सरदार परविंदर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कक्षा 8, 9 और 10 के पाठ्यक्रम में श्री गुरु नानक देव, श्री गुरु तेग बहादुर, श्री गुरु गोबिंद सिंह तथा चारों साहिबजादों के इतिहास को शामिल किया गया है। उनके अनुसार, वीर बाल दिवस के अवसर पर प्रदेश के लगभग तीन करोड़ विद्यार्थी भाषण, निबंध, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं। इससे नई पीढ़ी को सिख गुरुओं और साहिबजादों के इतिहास तथा बलिदान से परिचित कराने में मदद मिल रही है।
गुरुद्वारों के विकास और खालसा चौक का भी किया उल्लेख
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले वर्षों में सिख धर्म के गुरुओं के प्रकाश उत्सव, शहीदी पर्व और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर आयोजित अनेक कार्यक्रमों में सहभागिता की है। सरदार परविंदर सिंह ने लखनऊ में खालसा चौक के निर्माण तथा प्रदेश के विभिन्न गुरुद्वारों के जीर्णोद्धार और विकास के लिए सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सहायता की भी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के साथ सिख समाज की धार्मिक भावनाओं और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।
उपराज्यपाल को भेंट किया स्मृति-चिह्न
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल की ओर से श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष को समर्पित स्मृति-चिह्न उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को भेंट किया गया। उन्हें शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित भी किया गया।
इसके अतिरिक्त, गुरुद्वारा यहियागंज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भी सरदार परविंदर सिंह ने सहभागिता की और प्रतिनिधिमंडल की ओर से उपराज्यपाल का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
प्रतिनिधिमंडल में सरदार तरनजीत सिंह, सरदार हरप्रीत सिंह, सरदार चरणजीत सिंह होरा, सरदार कवलजीत सिंह और सरदार त्रिलोचन सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सिख समाज सिख गुरुओं और साहिबजादों के इतिहास एवं विरासत के सम्मान से जुड़े कार्यों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के प्रति आभार व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, धार्मिक सद्भाव और राष्ट्र निर्माण के लिए सिख समाज अपना सहयोग निरंतर जारी रखेगा।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#YogiAdityanath #UttarPradesh #SikhCommunity #TaranjitSinghSandhu #ParvinderSingh #VeerBalDiwas #KhalsaChowk #Lucknow #UttarPradeshNews #Yugvarta



No Previous Comments found.