संविधान के आदर्शों और सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ मनाया गया संविधान गौरव दिवस, प्रस्तावना का हुआ सामूहिक वाचन
लखनऊ में भाजपा के कार्यक्रम में असीम अरुण, बैजनाथ रावत सहित गणमान्य लोगों ने रखे विचार, संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 26 Nov, 2026 08:46 PMलखनऊ, 26 नवंबर 2026। संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को लखनऊ में संविधान गौरव दिवस मनाया। इस अवसर पर छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान स्थित भागीदारी भवन में आयोजित कार्यक्रम में संविधान की ऐतिहासिक यात्रा, उसकी मूल भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम को प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रिपुसूदन सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल और प्रदेश मंत्री अंकुर शर्मा ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री वसंत त्यागी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और संविधान को नमन करने के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगीत के साथ आयोजन की औपचारिक शुरुआत हुई। कार्यक्रम में भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, उसकी प्रमुख विशेषताओं और मूल आदर्शों पर आधारित पीपीटी प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही संविधान के महत्व पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें संविधान निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं और भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने में इसकी भूमिका को रेखांकित किया गया।
संविधान के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी: असीम अरुण
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि संविधान के मूल आदर्शों और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को आत्मसात करके ही समाज में वास्तविक और परिवर्तनकारी सामाजिक न्याय स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता और न्याय के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। संविधान केवल एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक परिवर्तन का मजबूत आधार है।
बाबा साहेब के विचारों से प्रेरणा लेने का अवसर है संविधान गौरव दिवस: बैजनाथ रावत
अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने कहा कि संविधान गौरव दिवस बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, संघर्षों और उनके कार्यों से प्रेरणा लेने का अवसर है। बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से समानता, अधिकार और सामाजिक न्याय की मजबूत आधारशिला रखी। उनके विचार आज भी समतामूलक समाज के निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं।
वहीं, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रिपुसूदन सिंह ने संविधान को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार बताते हुए कहा कि बाबा साहेब द्वारा देश को प्रदान किए गए इस पवित्र ग्रंथ का सम्मान और उसके मूल्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने संविधान के प्रति सम्मान और उसकी भावना को आत्मसात करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इसके माध्यम से न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के संवैधानिक मूल्यों को जीवन और व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर अतिथियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, संविधान की प्रति तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की कांस्य प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक चेतना, सामाजिक समरसता और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#संविधानगौरवदिवस #ConstitutionDay #BabaSahebAmbedkar #AseemArun #BJPUttarPradesh #Lucknow #SocialJustice #Yugvarta


No Previous Comments found.