पीएम मोदी के लखनऊ दौरे पर ट्रैफिक डायवर्जन: जानिए कौन-कौन से रास्ते रहेंगे बंद और कहां से गुजरेंगे वाहन?
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 21 Nov, 2026 12:23 AMलखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार शाम लखनऊ पहुंचने के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी की जाएगी। अमौसी एयरपोर्ट से विभूतिखंड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। यातायात पुलिस ने दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने की तैयारी की है। ऐसे में लोगों को शहीद पथ और आसपास के रास्तों पर अनावश्यक आवागमन से बचने की सलाह दी गई है। बेहद जरूरी होने पर ही निजी वाहन लेकर निकलें।
एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक रहेगा सुरक्षा घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। वह विशेष विमान से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग के जरिए सुरक्षा काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल जाएंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री वापस एयरपोर्ट पहुंचकर दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
उनके आवागमन को देखते हुए शहीद पथ के प्रमुख कटों, कमता, अहिमामऊ और एयरपोर्ट की ओर जाने वाले रास्तों पर यातायात प्रतिबंधित किया जाएगा। इसके अलावा लखनऊ की सीमाओं और प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भी पुलिस की चेकिंग रहेगी। दूसरे जिलों से राजधानी आने वाले वाहन चालकों को भी अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई है।
दोपहर 12 से रात 10 बजे तक लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
प्रधानमंत्री के आगमन और प्रस्थान को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक, आवश्यकतानुसार, विशेष डायवर्जन व्यवस्था निर्धारित की है। विशेष रूप से दोपहर दो बजे से रात नौ बजे तक शहीद पथ और उससे जुड़े मार्गों पर गैरजरूरी आवाजाही से बचने की अपील की गई है।
गोमतीनगर और इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर जाने वाले रास्ते
डिगडिगा चौराहा, निर्माण निगम तिराहा, पिकप ओवरब्रिज, कठौता चौराहा और बैंक ऑफ इंडिया तिराहे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की तरफ वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान वाहन पिकप तिराहा, पॉलिटेक्निक, चिनहट और हुसेड़िया के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
कमता और पॉलिटेक्निक क्षेत्र में भी रहेगी पाबंदी
कमता शहीद पथ तिराहे से विराज टावर होते हुए विजयीपुर अंडरपास तक सर्विस रोड और शहीद पथ पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। अयोध्या और बाराबंकी की तरफ से आने वाली बसें तथा भारी वाहन इंदिरा नहर पुल से कमता की ओर नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को किसान पथ, चिनहट और पॉलिटेक्निक के रास्ते भेजा जाएगा।
वहीं, पॉलिटेक्निक से लोहिया पथ होते हुए हजरतगंज जाने वाले वाहन भूतनाथ, बादशाहनगर और निशातगंज के वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।
शहीद पथ के इन कटों से नहीं मिलेगी एंट्री
अय्यपा, हुसेड़िया, मलेशेमऊ, नीलमथा, जीडी गोयनका, लुलु मॉल, मेदांता और अंसल की ओर से शहीद पथ पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन स्थानों से आने वाले वाहन हुसेड़िया अंडरपास, हनीमैन, ग्वारी, दयाल पैराडाइज, डीपीएस कट और पिपराघाट के रास्ते आवागमन कर सकेंगे।
कानपुर रोड और एयरपोर्ट की तरफ भारी वाहनों पर रोक
कानपुर और उन्नाव की ओर से लखनऊ आने वाली बसों, व्यावसायिक वाहनों और अन्य बड़े वाहनों को शहीद पथ पर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को दरोगाखेड़ा किसान पथ अंडरपास और किसान पथ के रास्ते भेजा जाएगा। स्कूटर इंडिया और नादरगंज की तरफ से भी भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
अहिमामऊ और पीजीआई जाने वाले वाहन अपनाएं वैकल्पिक रास्ते
सुलतानपुर रोड और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से आने वाले भारी वाहन कबीरपुर किसान पथ अंडरपास से अहिमामऊ की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें किसान पथ के रास्ते आगे बढ़ना होगा। इसी तरह रायबरेली रोड से आने वाले वाहनों को हरिकंशगढ़ी किसान पथ अंडरपास के जरिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।


No Previous Comments found.