महाराजा कंसा पासी के किले और शिव मंदिर की मुक्ति की बात करने वाले के साथ खड़ा होगा पासी समाज : सूरज पासी

हरदोई की बालामऊ विधानसभा में लाखन आर्मी की तीसरी जनसभा, सूरज पासी बोले- इतिहास, विरासत और स्वाभिमान की रक्षा के लिए एकजुट हो समाज, कहा- गांव-गांव पहुंचाएंगे महाराजा कंसा पासी की वीरगाथा, नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से कराएंगे परिचित, युवाओं से शिक्षा को ताकत बनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान, बोले- बच्चों के हाथ में कलम देकर मजबूत करें समाज

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 18 Sep, 2026 01:45 PM
महाराजा कंसा पासी के किले और शिव मंदिर की मुक्ति की बात करने वाले के साथ खड़ा होगा पासी समाज : सूरज पासी

17 सितम्बर, हरदोई। लाखन आर्मी के संस्थापक सूरज पासी ने कहा कि जो महाराजा कंसा पासी के किले और उनके आराध्य भगवान शिव के मंदिर की मुक्ति की बात करेगा, पासी समाज उसके साथ खड़ा होगा। समाज अब अपने इतिहास, विरासत और स्वाभिमान के सवाल पर चुप नहीं बैठेगा। महाराजा कंसा पासी की वीरगाथा गांव-गांव और नई पीढ़ी तक पहुंचाई जाएगी।

 

हरदोई जनपद की बालामऊ विधानसभा के कछौना स्थित सेठ भूरामल आदर्श इंटर कॉलेज में आयोजित महाराजा कंसा पासी सम्मान जनसभा में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए सूरज पासी ने कहा कि महाराजा कंसा पासी के किले और शिव मंदिर के संरक्षण की मांग से किसी भी परिस्थिति में पीछे नहीं हटेंगे।

 

कंसा पासी की वीरगाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प-

 

सूरज पासी ने महाराजा कंसा पासी के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि पासी समाज का इतिहास वीरता और बलिदान से भरा हुआ है। उन्होंने महाराजा कंसा पासी और सालार मसूद के बीच हुए संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि समाज को अपने महापुरुषों और योद्धाओं का इतिहास जानना होगा। महाराजा कंसा पासी ने मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष किया और उनका बलिदान आज भी समाज के लिए प्रेरणा है।

 

उन्होंने कहा कि महाराजा कंसा पासी से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत, किले और उनके आराध्य भगवान शिव के मंदिर का संरक्षण लाखन आर्मी की प्रमुख मांग है। इसके लिए समाज को गांव-गांव तक जागरूक किया जाएगा।

 

बच्चों के हाथ में कलम देकर मजबूत करें समाज-

 

सूरज पासी ने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि बच्चों के हाथ में कलम दीजिए और उन्हें अपने इतिहास के बारे में बताइए। नई पीढ़ी को मालूम होना चाहिए कि वह वीर राजाओं और योद्धाओं की विरासत की उत्तराधिकारी है।

 

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित और नशामुक्त युवा ही समाज को संगठित और मजबूत बना सकते हैं। अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ समाज को शिक्षा और सामाजिक एकजुटता पर ध्यान देना होगा।

 

गांव-गांव पहुंचेगा स्वाभिमान का अभियान-

 

सूरज पासी ने कहा कि महाराजा कंसा पासी की विरासत के संरक्षण का अभियान बालामऊ तक सीमित नहीं रहेगा। लाखन आर्मी गांव-गांव जाकर समाज को उसके इतिहास से परिचित कराएगी और किले तथा शिव मंदिर के संरक्षण की मांग को आगे बढ़ाएगी।

 

उन्होंने कहा कि पासी समाज को अपने इतिहास और महापुरुषों के सम्मान के सवाल पर एकजुट होना होगा। जो महाराजा कंसा पासी के किले और भगवान शिव के मंदिर की मुक्ति की बात करेगा, पासी समाज उसके साथ खड़ा होगा। पासी समाज का सूरज एक दिन फिर उगेगा।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2