IPL 2026: लखनऊ सुपर जायंट्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पांच विकेट से हराया, टॉप पर पहुंची आरसीबी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 16 Apr, 2026 03:15 PMइंडियंन प्रीमियर लीग 2026 का 23वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला गया. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से हरा दिया है. लखनऊ सुपर जायंट्स के दिए 147 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने 15.1 ओवरों में 5 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. आरसीबी टीम के लिए विराट कोहली ने 49 रन बनाए. जितेश शर्मा 23 रन और कप्तान रजत पटीदार 27 रन बनाए.
लखनऊ सुपर जायंट्स के दिए 147 रनों की लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पारी की शुरुआत विराट कोहली और फिल साल्ट ने की. इसके बाद दूसरे ओवर में प्रिंस यादव ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पहला झटका दिया. उन्होंने फिल साल्ट को पवेलियन का रास्ता दिखाया. साल्ट 8 गेंद पर 7 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल के बीच दूसरे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन फिर पडिक्कल को आउट कर आवेश खान ने इस साझेदारी को तोड़ी. पडिक्कल 10 गेंद पर 11 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद आवेश खान ने विराट कोहली को आउट कर आरसीबी को तीसरा झटका दिया. कोहली 34 गेंद पर 49 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद प्रिंस यादव ने एक ही ओवर में आरसीबी के कप्तान रजत पदीटार और जितेश शर्मा को आउट किया. पटीदार 13 गेंद पर 1 चौका और 3 छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए.
जितेश शर्मा सिर्फ 9 गेंद पर 23 रन बनाए. आखिरी में रोमारियो शेफर्ड और टिम डेविड ने 8-8 गेंदों पर नाबाद 14-14 रन बनाकर आरसीबी को जीत दिलाई. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की पूरी टीम 146 रनों पर सिमट गई है. लखनऊ के लिए मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा 32 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेली. मुकुल चौधरी ने 28 गेंद पर 39 रन बनाए. वहीं आयुष बदोनी ने 24 गेंदों पर 38 रनों का योगदान दिया. आरसीबी के लिए रसीख सलाम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 4 विकेट अपने नाम किए. वहीं भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट चटकाए. क्रुणाल पांड्या ने 2 विकेट लिए. इसके अलावा जोश हेजलवुड को एक सफलता मिली.


No Previous Comments found.