उत्तराखंड : दून डेयर डेविल्स ने दून सुपर किंग्स को 6 विकेट से धूल चटा खिताब जीता
मंजूल सिंह मांजिला स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल, अरविंद रावत बने मैन ऑफ द मैच
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 30 Mar, 2026 08:26 PMदेहरादून, 30 मार्च। खिताबी भिड़ंत में दून डेयर डेविल्स ने टॉस हारने के बावजूद विजय जोशी की शानदार कप्तानी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दून सुपर किंग्स को 6 विकेट से पटक कर ट्रॉफी पर जीत की मोहर लगाते हुए अपने कप्तान की झोली में जीत डाल दी। सुपर किंग्स की टीम लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंचने के बावजूद एक बार फिर हार गई और हार के दाग को मिटा नहीं सकी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दून सुपर किंग्स की टीम 19.1 ओवर में 142 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से रुपेश (33) और दीपक पुरोहित (30) ने अहम योगदान दिया। वहीं गेंदबाजी में दून डेयर डेविल्स के मनोज सिंह जयाड़ा ने घातक गेंदबाजी करते हुए महज 18 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि अरविंद रावत ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून डेयर डेविल्स ने 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 146 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से ठाकुर नेगी ने 43 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि मनबर रावत (नाबाद 26) और अरविंद रावत (नाबाद 24) ने टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अरविंद रावत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं सोबन सिंह गुसाईं को मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन, अजय राणा को बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया। 50 प्लस वर्ग में अजय राणा बेस्ट बॉलर और शैलेन्द्र सेमवाल बेस्ट बैट्समैन घोषित किए गए।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सीएयू संरक्षक पीसी वर्मा, दैनिक जागरण के संपादक मनोज कुमार झा और प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। वहीं पूर्व मेयर सुनील उनियाल ‘गामा’ और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने उपविजेता टीम को 18 हजार रुपये की धनराशि के साथ सम्मानित किया।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं समाज में अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। सीएयू संरक्षक पीसी वर्मा ने विजेता टीम को अतिरिक्त 11 हजार रुपये देने की घोषणा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में खेलों की अपार संभावनाएं हैं।
प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने आयोजन को पत्रकारों के बीच खेल भावना और भाईचारे को बढ़ावा देने वाला बताया और सभी प्रतिभागियों व सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया, जबकि कमेंट्री राजेश बहुगुणा और मनमोहन सिंह पंवार ने की।
इस दौरान कई गणमान्य अतिथि, खिलाड़ी और प्रेस क्लब के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.