ईशान की तूफानी पारी, बुमराह का कहर… पाकिस्तान 114 पर ढेर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 15 Feb, 2026 10:58 PMकोलंबो (युग वार्ता)। T20 विश्व कप के लीग मुकाबले में आज भारतीय क्रिकेट टीम ने 22 गज की पिच पर ऑपरेशन सिंदूर को एक बार फिर जागृत करते हुए पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर शिवरात्रि की रात भारतीय फैंस को एक बार फिर फागुन में होली और दिवाली एक साथ मनाने का मौका दे दिया। इस जीत के साथ भारत ने t20 विश्व कप मुकाबले में पाकिस्तान से हार की जीत का अंतर 8 - 1 कर दिया।
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने भारतीय क्रिकेट टीम को बैटिंग का निमंत्रण दिया और यही उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई। स्पिनरों के लिए मददगार कोलंबो की पिच पर अभिषेक शर्मा तो कुछ नहीं कर सके और सस्ते में आउट हो गए लेकिन इसके बाद इशान किशन ने 27 गेंद में अर्धशतक जड़ एक रिकॉर्ड बनाया और भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 40 गेंदों में 77 रनों की पारी खेल कर भारतीय टीम की जीत का आधार रख दिया।
किशन ने शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद सहित पाकिस्तान के प्रमुख गेंदबाज़ों के खिलाफ बेखौफ अंदाज़ में रन बटोरे। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने पारी को आगे बढ़ाया, हालांकि एक छोटे से अंतराल में तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या लगातार गेंदों पर आउट हो गए। इसके बावजूद शिवम दुबे और रिंकू सिंह के उपयोगी योगदान से भारत 170 के पार पहुंचा और शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 20 ओवर में जीत के लिए 176 रन बनाने की चुनौती दी।
176 रनों का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम शुरू से ही बेहाल नजर आई उसके टॉप ऑर्डर को भारतीय तेज गेंदबाजों ने स्पिनरों के साथ मिलकर ताश के पत्तों की तरह बिखेर दिया और एक वक्त पाकिस्तान का स्कोर 4 विकेट पर 34 रन था।
हार्दिक पांड्या ने पहले ही ओवर में साहिबज़ादा फरहान को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा, जबकि जसप्रीत बुमराह ने अगली ही ओवर में साइम अयूब को शानदार यॉर्कर पर चलता किया।
मध्य ओवरों में अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने शिकंजा कस दिया और दोनों ने दो-दो विकेट चटकाए। उस्मान खान थोड़ी ही देर क्रीज़ पर टिक पाए, लेकिन अर्धशतक से छह रन पहले आउट हो गए। शादाब खान की कोशिशें भी नाकाफी रहीं और पूरी टीम 114 रन पर ढेर हो गई। मैच के दौरान पाकिस्तान के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पीसीबी प्रमुख मोहसिन नक़वी को प्रेमदासा स्टेडियम छोड़ते हुए भी देखा गया।
पाकिस्तान को T20 विश्व कप में हराने के बाद भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव ने कहा कि हमने वही किया जो हम पहले करते आ रहे हैं। हमारा पहला विकेट जीरो पर गिर गया था लेकिन इसके बाद इशान किशन ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए हमें एक बेहतर स्कोर की तरफ बढ़ा दिया। इसके बाद तिलक वर्मा शिवम दुबे और रिंकू ने शानदार खेल दिखाया और हम स्कोर को 175 रन तक ले गए। गेंदबाजी में हमने अपने तेज गेंदबाजों पर भरोसा करते हुए शुरुआत उन्हीं से कराई हार्दिक पांड्या ने पहली सफलता दिलाई और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक जसप्रीत बुमराह ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर पाकिस्तान को बैकफुट पर कर दिया। इसके बाद की जिम्मेदारी हमारे फिरकी गेंदबाजों में पूरी कर दी। हमारी पूरी टीम एक सूत्र में खेली इसके लिए मैं अपने खिलाड़ियों को धन्यवाद करता हूं और अब हम आगे और बेहतर करने का प्रयास करेंगे।
प्लेइंग इलेवन
भारत:
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
पाकिस्तान:
साइम अयूब, साहिबज़ादा फरहान, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आज़म, मोहम्मद नवाज़, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, फहीम अशरफ़, शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक


No Previous Comments found.