वैभव पर जल्दबाजी नहीं, अनुभवी खिलाड़ियों पर टीम का भरोसा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 Jul, 2026 11:13 AMनई दिल्ली, 4 जुलाई 2026 भारतीय टीम प्रबंधन ने संकेत दिए हैं कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की शानदार प्रतिभा के बावजूद टीम चयन में जल्दबाजी नहीं की जाएगी। इंग्लैंड दौरे पर जारी टी20 सीरीज के बीच गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्कल ने साफ किया कि सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पर टीम का भरोसा बरकरार है। उन्होंने कहा, ''हमें इस बात का सम्मान करना चाहिए कि हमारे पास अभिषेक शर्मा के रूप में टी20 क्रिकेट का नंबर एक बल्लेबाज है। वहीं संजू विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''संजू का आईपीएल में भी प्रदर्शन शानदार रहा था। ऐसे में कोचिंग स्टाफ के तौर पर खिलाड़ियों पर भरोसा जताना और उनका समर्थन करना उचित है। हां, एक युवा खिलाड़ी दरवाजे पर दस्तक दे रहा है और यह उत्साहजनक है।'' मोर्कल ने कहा, ''लेकिन मेरा मानना है कि केवल इन दोनों खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी टीम के लिए यह अच्छा संकेत है कि हम अपने खिलाड़ियों के साथ खड़े हैं और उन पर भरोसा करते हैं।'' मोर्कल ने कहा कि टीम प्रबंधन केवल बदलाव करने के उद्देश्य से बल्लेबाजी क्रम में फेरबदल करने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा, ''आखिरकार सबसे महत्वपूर्ण बात प्रदर्शन करना है। लेकिन हम केवल बदलाव के लिए खिलाड़ियों को उनकी स्वाभाविक बल्लेबाजी स्थिति से हटाना नहीं चाहते। इसलिए यह इतना आसान नहीं है कि कह दें, 'चलिए, सूर्यवंशी को खिला देते हैं'।'' मोर्कल ने कहा, ''हमें उन खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना होगा जिन्होंने विश्व कप जीते हैं और कठिन परिस्थितियों में टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। इसके बाद ही हम परिस्थितियों के अनुसार अपने शीर्ष बल्लेबाजी क्रम को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगे।'' वैभव सूर्यवंशी के संभावित अंतरराष्ट्रीय पदार्पण को लेकर कोई समय-सीमा तय नहीं की गई है, लेकिन मोर्कल ने माना कि युवा बल्लेबाज ने टीम के माहौल में खुद को तेजी से ढाल लिया है। उन्होंने कहा, ''उसने टीम में बहुत अच्छी तरह खुद को शामिल किया है। अगर आप खिलाड़ियों के इंस्टाग्राम देखें तो उसके साथ काफी तस्वीरें साझा की जा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 15 साल की उम्र में नेट्स पर अभ्यास करना किसी के लिए भी दबाव वाला अनुभव हो सकता है।'' मोर्कल ने कहा, ''लेकिन जितने भी नेट सत्र हुए हैं, उनमें उसने काफी प्रभावित किया है। हम सभी उत्साहित हैं कि मौका मिलने पर वह कैसा प्रदर्शन करेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि मौका मिलने पर वह पूरी तरह तैयार रहेगा। टीम में घुलने-मिलने की उसकी प्रक्रिया भी बेहद सहज रही है।'' मोर्कल ने युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की तारीफ करते हुए कहा, ''मुझे लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ काम करते समय प्रिंस को गेंदबाजी करते हुए देखने का अवसर मिला था। उस समय वह नेट गेंदबाज थे और तभी से उन्हें बेहद प्रतिभाशाली गेंदबाज माना जाता था। सबसे ज्यादा प्रभावित करने वाली बात यह है कि वह दबाव में भी बेहद शांत रहते हैं।'' उन्होंने कहा, ''वह हमेशा अपने खेल में सुधार के तरीके तलाशते रहते हैं। लेकिन आखिरकार सब कुछ सही कार्यान्वयन पर निर्भर करता है। डेथ ओवरों और मध्य के ओवरों में जिस तरह वह मैच की परिस्थितियों को समझते हैं, दबाव में फैसले लेते हैं और उन्हें अमल में लाते हैं, वह बेहद प्रभावशाली है।'' मोर्कल ने यह भी कहा कि चोट से वापसी के बाद हर्षित राणा ने जिस लय और प्रतिबद्धता के साथ गेंदबाजी की है, उसने भी टीम प्रबंधन को प्रभावित किया है।



No Previous Comments found.