बिग बॉस के लिए नोरा फतेही ने रखी थी शर्त, बदले में मांगा था ‘झलक दिखला जा’ का मौका
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 20 Sep, 2026 07:27 PMनई दिल्ली, 20 सितंबर 2026 नोरा फतेही आज बॉलीवुड की चर्चित डांस परफॉर्मर्स में शामिल हैं। म्यूजिक वीडियोज और फिल्मों के गानों से उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। हालांकि, उनके करियर की शुरुआत उस मुकाम से काफी दूर थी, जहां वह आज खड़ी हैं। कभी बिग बॉस की कंटेस्टेंट के तौर पर पहचानी जाने वाली नोरा ने हाल ही में अपने शुरुआती दौर का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि बिग बॉस 9 में शामिल होने से पहले उन्होंने शो के मेकर्स के सामने एक शर्त रखी थी। नोरा ने बताया कि बिग बॉस में आने से पहले वह कई म्यूजिक वीडियोज में काम कर चुकी थीं, लेकिन उन्हें अपने काम की फीस हासिल करने में परेशानी हो रही थी। प्रोड्यूसर्स की ओर से भुगतान एजेंसी को किया गया था और नोरा को अपने पैसे मिलने का इंतजार करना पड़ रहा था। इसी बीच उन्हें बिग बॉस का ऑफर मिला। शुरुआत में नोरा इस रियलिटी शो का हिस्सा नहीं बनना चाहती थीं। उनका मानना था कि यह उनके करियर के विजन का हिस्सा नहीं था। हालांकि, जब मेकर्स ने उन्हें इसके लिए भुगतान की पेशकश की तो उन्होंने इस ऑफर पर दोबारा विचार किया। इसी दौरान उन्होंने शो में शामिल होने के बदले मेकर्स के सामने अपनी एक खास मांग रख दी। नोरा ने अपनी शर्त के बारे में बताते हुए कहा, 'ये शो कोई बात नहीं है,ये एक ऐसा प्लेटफार्म है, अगर आप स्मार्ट है तो आपको हर घर में पहचान दिला सकता है। मैं वक वाइल्डकार्ड एंट्री थी, तो मैं बहुत समय के लिए शो में नहीं रहने वाली थी, और मैं किसी और चीज के साथ इसे एक्सचेंज कर सकती थी। मैं झलक दिखला जा करना चाहती थी और वो उसी चैनल पर आता था। तो मैंने उनसे कहा कि मुझे झलक दे दो, और उसके बदले में मैं बिग बॉस कर लूंगी। मुझे बिग बॉस के बदले में झलक दिखला जा मिला।' बिग बॉस 9 में वाइल्डकार्ड एंट्री के तौर पर पहुंचीं नोरा ने शो में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इस दौरान उनकी प्रिंस नरूला के साथ नजदीकियां भी चर्चा में रहीं। प्रिंस ने शो के दौरान नोरा को प्रपोज किया था, जबकि दोनों के बीच हुई फ्लर्टिंग से जुड़े कई वीडियो भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बने। बिग बॉस के बाद नोरा का अगला बड़ा पड़ाव ‘झलक दिखला जा’ रहा। साल 2016 में वह ‘झलक दिखला जा 9’ में कंटेस्टेंट के रूप में नजर आईं और अपनी डांस परफॉर्मेंस से दर्शकों का ध्यान खींचा। करीब छह साल बाद 2022 में उन्होंने इसी शो में जज की भूमिका भी निभाई। इस बीच नोरा ने बॉलीवुड में अपने डांस और अलग अंदाज से मजबूत पहचान बनाई। ‘दिलबर’, ‘ओ साकी साकी’ और ‘हाय गर्मी’ जैसे गानों ने उन्हें व्यापक लोकप्रियता दिलाई। इसके बाद वह देश-विदेश में होने वाले बड़े कॉन्सर्ट्स और मंचीय कार्यक्रमों का हिस्सा बनीं। फिल्मों में उनके डांस नंबर लगातार चर्चा में रहते हैं, जबकि वह कई रियलिटी शोज में जज की भूमिका भी निभा चुकी हैं।



No Previous Comments found.