जनगणना 2027 की शुरुआत: सीएम धामी ने खुद की स्व-गणना, जनता से की भागीदारी की अपील
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 10 Apr, 2026 06:34 PMदेहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनगणना 2027 देश के विकास की आधारशिला है और डिजिटल माध्यम से की जा रही यह प्रक्रिया पारदर्शिता व सटीकता सुनिश्चित करेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वयं आगे आकर स्व-गणना करने और इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने आज मुख्यमंत्री आवास में जनगणना 2027 के तहत अपनी स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया पूरी करते हुए राज्य में इस महत्वपूर्ण अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान जनगणना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें डिजिटल प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जो जनभागीदारी को बढ़ाने के साथ ही आंकड़ों की सटीकता को भी सुनिश्चित करेगा।
बताया गया कि जनगणना 2027 का पहला चरण ‘हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना’ (HLO) है, जिसके अंतर्गत आवासीय स्थिति, सुविधाओं और घरेलू विवरणों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की जा रही है। इस बार स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक सरल और त्रुटिरहित बनेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह आंकड़े राज्य और देश की नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, इसलिए उनकी शुद्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना पोर्टल का उपयोग कर अपने परिवार की सही और पूर्ण जानकारी दर्ज करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एकत्रित सभी आंकड़ों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।
इस अवसर पर गीता धामी, निदेशक (जनगणना संचालन) ईवा श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.