गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में मिला रजत कमल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई, बोले— यह उत्तराखंड की लोकभाषा और सांस्कृतिक विरासत का राष्ट्रीय सम्मान
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Jul, 2026 10:03 PMदेहरादून। गढ़वाली सिनेमा के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार की फीचर फिल्म श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म का रजत कमल (Silver Lotus) पुरस्कार और 2 लाख रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान केवल एक फिल्म की उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकभाषा, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के फिल्म उद्योग, कलाकारों और रचनाकारों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी तथा गढ़वाली सिनेमा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी।
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता एससी फार्माकेम प्राइवेट लिमिटेड, निर्देशक दिनेश पी. भोंसले और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्रीय सिनेमा उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नई फिल्म नीति के माध्यम से प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘ढोली’ को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा को नई ऊर्जा देगा और आने वाले समय में प्रदेश की लोकभाषाओं में बनने वाली फिल्मों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Dholi #NationalFilmAwards #GarhwaliCinema #Uttarakhand #PushkarSinghDhami #RegionalCinema #GarhwaliFilm #YugvartaNews



No Previous Comments found.