धामी सरकार का ₹495 करोड़ विकास पैकेज, कुंभ-2027 से लेकर सड़कों और निकायों को मिली बड़ी सौगात
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 7 Jul, 2026 06:32 PMदेहरादून, 7 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत ढांचा परियोजनाओं और जनहित कार्यों के लिए लगभग ₹495 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस पैकेज में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण, शहरी निकायों और जिला पंचायतों को वित्तीय सहायता, पर्यटन, धार्मिक स्थलों के विकास तथा सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी अनेक परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के तहत टिहरी जिले के नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में भारपुर-पोंथ मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए ₹3.08 करोड़ की स्वीकृति दी है। वहीं अल्मोड़ा के भिकियासैंण स्थित शिव मंदिर के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹53.51 लाख तथा पहली किश्त के रूप में ₹32.10 लाख जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
धारचूला क्षेत्र में जुम्मा मल्ला ग्वार से छिपला सरोवर तक सड़क निर्माण, द्वाराहाट के चौखुटिया स्थित रामपादुका मंदिर में स्नान घाट निर्माण, तथा चंपावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना के लिए भी वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गई हैं।
हरिद्वार जिले में कनखल क्षेत्र के सीसी मार्गों के निर्माण तथा लक्सर में सत्संग भवन महाराजपुर से गंगदासपुर तक सड़क सुधारीकरण के लिए भी करोड़ों रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा ऊधमसिंहनगर के सितारगंज क्षेत्र में कई प्रमुख ग्रामीण एवं संपर्क मार्गों के पुनर्निर्माण को भी स्वीकृति मिली है।
मुख्यमंत्री ने 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में आरटीसी एवं बैरक निर्माण के लिए ₹19.91 करोड़, जबकि पिथौरागढ़ के सीमांत गांव गुंजी के सर्वांगीण विकास के लिए ₹4.62 करोड़ मंजूर किए हैं।
शहरी निकायों और जिला पंचायतों को बड़ा वित्तीय सहयोग
राज्य सरकार ने छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रतीक्षा में अंतरिम व्यवस्था के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के लिए सभी शहरी स्थानीय निकायों को ₹328.28 करोड़ तथा जिला पंचायतों को ₹82.21 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
रामनगर में मल्टीलेवल पार्किंग, चंपावत में एडवेंचर पार्क
मुख्यमंत्री ने रामनगर की पुरानी तहसील परिसर में बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण के लिए ₹38.58 करोड़, चंपावत में एडवेंचर पार्क के लिए ₹3.05 करोड़ तथा देहरादून संभागीय परिवहन कार्यालय भवन के द्वितीय तल के निर्माण के लिए ₹5.38 करोड़ की स्वीकृति दी है।
कुंभ-2027 की तैयारियों को मिली रफ्तार
हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 के दौरान निर्बाध एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने ₹43.87 करोड़ की मंजूरी दी है। इसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹17.55 करोड़ जारी करने का भी अनुमोदन किया गया है।
पांचवें और छठे वेतनमान के कर्मचारियों को बढ़ा महंगाई भत्ता
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार तथा राज्य के स्वायत्त निकायों एवं उपक्रमों के उन कर्मचारियों के लिए 1 जनवरी 2026 से महंगाई भत्ते (डीए) में वृद्धि को भी मंजूरी दी है, जो पांचवें और छठे केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन प्राप्त कर रहे हैं। इसके तहत पांचवें वेतनमान का डीए 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत तथा छठे वेतनमान का डीए 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत किया गया है।
दो मोटर मार्गों के नाम बदले
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में बिडोरा-छेवी पातशाही गेट से धूमखेड़ा मार्ग का नाम “साहिबजादे फतेह सिंह रोड” तथा सौनी-डौडाखाल-तिपोला मोटर मार्ग का नाम राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय पूरण सिंह डंगवाल के नाम पर किए जाने को भी मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों को राज्य में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, सीमांत क्षेत्रों के विकास, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के उन्नयन, शहरी सुविधाओं के विस्तार तथा कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



No Previous Comments found.