उत्तराखंड में बनेंगे 20 नए छठ घाट, सीएम धामी ने किया ऐलान

खटीमा के 14वें दीपावली मेले में मुख्यमंत्री की घोषणा, ऊधम सिंह नगर के आठ शहरों के साथ देहरादून और चम्पावत में भी विकसित होंगे छठ पूजा स्थल

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 2 Nov, 2026 10:30 PM
उत्तराखंड में बनेंगे 20 नए छठ घाट, सीएम धामी ने किया ऐलान

खटीमा, 2 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उत्तराखंड में छठ पूजा के लिए 20 नए घाटों के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के तहत ऊधम सिंह नगर, देहरादून और चम्पावत जनपद में विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा स्थलों का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ऊधम सिंह नगर जनपद के काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा में 20 छठ घाट बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट पर, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के तट पर तथा चम्पावत जनपद के बनबसा में भी छठ पूजा के लिए घाट विकसित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विकास परिषद जैसे सामाजिक संगठन सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता के माध्यम से समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। ऐसे संगठनों के प्रयास समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ ही लोगों को सामूहिक रूप से सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।

धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। विकास के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना भी सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त हुई बाबा केदार की नगरी के पुनर्निर्माण और उसे भव्य स्वरूप प्रदान करने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ा है। केदारखंड में चारधाम यात्रा से जुड़े धार्मिक स्थलों के विकास की तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों के पुनर्निर्माण और वहां आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य भी किया जा रहा है।

गंगा और शारदा कॉरिडोर परियोजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार-ऋषिकेश क्षेत्र में गंगा कॉरिडोर और मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर के विकास कार्य लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विकास करना है।

उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के गहन अध्ययन एवं अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडी की स्थापना भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को साथ लेकर आगे बढ़ रही है, ताकि उत्तराखंड की धार्मिक पहचान, परंपराएं और ऐतिहासिक धरोहरें सुरक्षित रह सकें।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#UttarakhandNews #PushkarSinghDhami #Khatima #ChhathPuja #Uttarakhand


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.