उत्तराखंड : खटीमा को ₹14.97 करोड़ की सड़क परियोजना की सौगात, सीएम धामी ने किया भूमि पूजन

खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक चौड़ा होगा मार्ग, जाम से मिलेगी राहत; सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर सरकार का जोर

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 3 Nov, 2026 04:11 PM
उत्तराखंड : खटीमा को ₹14.97 करोड़ की सड़क परियोजना की सौगात, सीएम धामी ने किया भूमि पूजन

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में 14.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन किया। राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया।

इस परियोजना के पूरा होने से खटीमा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। सड़क चौड़ी होने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही व्यस्त मार्ग पर लगने वाले जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।

खटीमा से मां-बेटे जैसा रिश्ता : मुख्यमंत्री

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा देता है।

शिक्षा, सड़क और पर्यटन विकास पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इसके अलावा सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी परिवहन सुविधाओं के विकास पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए चीनी मिल के संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं, शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, क्षेत्र में ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। सरकार का लक्ष्य खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर के रूप में विकसित करना है।

पैदल कार्यक्रम स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री, लोगों ने किया स्वागत

इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.