प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों में भारत बना वैश्विक शक्ति, उत्तराखंड भी विकास की नई राह पर: धामी
खटीमा के बग्घा चौवन में “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गिनाईं केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Jun, 2026 09:03 AMखटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि यह कालखंड देश के विकास, जनकल्याण और ऐतिहासिक निर्णयों का दौर रहा है, जिसने भारत को नई दिशा और नई ऊर्जा देने का काम किया है।
खटीमा के बग्घा चौवन में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के तहत विशेष जनसंपर्क अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का क्षेत्रवासियों ने छोलिया और थारू सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों तथा पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पदभार संभालने के बाद से ही जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए अनेक ऐतिहासिक योजनाओं और अभियानों की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान ने बेटियों के सम्मान और सुरक्षा को नई मजबूती दी, जबकि स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता को देशव्यापी जनआंदोलन बना दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति मिली, वहीं हर घर जल योजना के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य किया गया। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजनाओं में शामिल है, जिसके माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में प्रधानमंत्री मोदी ने यह सुनिश्चित किया कि देश का कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। इसी सोच के तहत प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना शुरू की गई, जिसके माध्यम से करोड़ों लोगों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि भारत ने कोरोना काल में स्वदेशी वैक्सीन तैयार कर न केवल देशवासियों को निःशुल्क टीकाकरण उपलब्ध कराया, बल्कि दुनिया के कई देशों की भी मदद कर वैश्विक सहयोग का उदाहरण प्रस्तुत किया।
राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का निर्णय लिया गया है, जबकि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके तहत नकल माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है।
धामी ने कहा कि राज्य में अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर क्षेत्र में विकास की गति तेज हो।
उन्होंने कहा कि बग्घा चौवन क्षेत्र में भी मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्र समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़े।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्यमंत्री रंजीत सिंह नामधारी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, विमला बिष्ट, मोहन सिंह चुफाल, देवेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवेश शाशनी, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.