जसपाल राणा की विरासत को सलाम, CM धामी ने पुस्तक का किया विमोचन
‘Maverick Jaspal’ में भारतीय निशानेबाजी के दिग्गज खिलाड़ी के संघर्ष, उपलब्धियों और योगदान का होगा परिचय, युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा उनका सफर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 10 Oct, 2026 10:09 PMदेहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय निशानेबाजी के दिग्गज खिलाड़ी जसपाल राणा के जीवन और उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित इस मुलाकात के दौरान जसपाल राणा की पत्नी रीना राणा, पुत्र युवराज राणा और पुत्री देवांशी राणा मौजूद रहे। परिवारजनों ने मुख्यमंत्री को पुस्तक भेंट की।
भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाने में अहम योगदान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जसपाल राणा की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका खेल जीवन देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा की उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि निरंतर अभ्यास, समर्पण और आत्मविश्वास के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है। उन्होंने निशानेबाजी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने के साथ उत्तराखंड का गौरव भी बढ़ाया है।
युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा जसपाल राणा का सफर
मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ पुस्तक पाठकों, विशेषकर युवा खिलाड़ियों को जसपाल राणा के खेल सफर, संघर्ष, अनुभवों और उपलब्धियों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि जसपाल राणा का जीवन युवा खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने इस पुस्तक के माध्यम से उनकी खेल विरासत को सामने लाने के प्रयास के लिए जसपाल राणा के परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#PushkarSinghDhami #JaspalRana #MaverickJaspal #IndianShooting #Uttarakhand #SportsNews



No Previous Comments found.