देहरादून में गूंजा ‘हर घर तिरंगा’, CM धामी ने हजारों लोगों के साथ निकाली तिरंगा यात्रा
स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर तिरंगा फहराने की अपील; बोले- तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक, राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा का लें संकल्प
देहरादून, 9 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को देहरादून में ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की। मुख्यमंत्री स्वयं गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
‘तिरंगा राष्ट्र गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव का उत्सव है। तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।
उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में बसी है।
‘भारत महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से वैश्विक शक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था में तेजी से वृद्धि हो रही है और मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति तथा स्वदेशी तकनीक के माध्यम से भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत कई क्षेत्रों में दुनिया को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।
‘सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर से दुनिया ने देखी भारत की ताकत’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना का मनोबल मजबूत हुआ है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने अपनी सामरिक क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के साथ रक्षा उपकरणों का निर्यातक भी बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को बड़ी संख्या में वीर सैनिक दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
‘विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा देश’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में 30 से अधिक क्षेत्रों के लिए विशिष्ट नीतियों के माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या भी 1,750 से अधिक हो गई है। उन्होंने रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत तक वृद्धि का भी दावा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवभूमि के मूल स्वरूप और पहचान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सख्त कानूनों का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में धर्मांतरण विरोधी कानून और कठोर दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की है।
उन्होंने मदरसा बोर्ड को समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाए जाने का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
‘13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि कब्जे से मुक्त’
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में करीब 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। भ्रष्टाचार के मामलों में भी सख्त कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल युवाओं को नौकरी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें ‘नौकरी देने वाला’ बनाना भी है। इसके लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

No Previous Comments found.